IPL 2027 में किस टीम से खेलेंगे हार्दिक पाण्ड्या? 5 फ्रेंचाइजी की नजर, ट्रेड में बड़े नाम दांव पर

IPL 2027 में किस टीम से खेलेंगे हार्दिक पाण्ड्या? 5 फ्रेंचाइजी की नजर, ट्रेड में बड़े नाम दांव पर

TNP DESK:हार्दिक पांड्या IPL 2027 में किस टीम की जर्सी पहनेंगे, इसे लेकर अटकलें लगातार तेज होती जा रही हैं. पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि मुंबई इंडियंस के साथ उनका सफर आगे जारी नहीं रह सकता. अब इस संभावित ट्रेड को लेकर एक और बड़ा अपडेट सामने आया है. पहले जहां चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था, वहीं अब बताया जा रहा है कि कुल पांच फ्रेंचाइजी हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी रखती हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स भी हार्दिक के संभावित ट्रेड को लेकर विकल्प तलाश रही हैं. इनमें दिल्ली कैपिटल्स का प्रस्ताव सबसे चौंकाने वाला बताया जा रहा है, क्योंकि टीम मुंबई इंडियंस से हार्दिक के बदले अपने एक बड़े खिलाड़ी को ट्रेड करने पर विचार कर सकती है.

दिल्ली कैपिटल्स दे सकती है अक्षर पटेल का विकल्प

दिल्ली कैपिटल्स हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करने के लिए अक्षर पटेल को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड करने पर विचार कर सकती है. अक्षर न सिर्फ उपयोगी ऑलराउंडर हैं, बल्कि उनके पास कप्तानी और नेतृत्व का अनुभव भी है. मुंबई इंडियंस की टीम को पिछले कुछ सीजन में स्पिन विभाग में अपेक्षित मजबूती नहीं मिली है. ऐसे में अक्षर का टीम में शामिल होना उसकी गेंदबाजी को संतुलित कर सकता है.

LSG में निकोलस पूरन का नाम चर्चा में

लखनऊ सुपर जायंट्स के पास मिचेल मार्श जैसा शानदार ऑलराउंडर मौजूद है, लेकिन IPL में उनसे नियमित रूप से गेंदबाजी करवाना हमेशा संभव नहीं रहा है. ऐसे में हार्दिक जैसे भारतीय ऑलराउंडर का विकल्प LSG के लिए आकर्षक हो सकता है. संभावित ट्रेड में निकोलस पूरन का नाम सामने आ रहा है. यानी हार्दिक के बदले पूरन को मुंबई इंडियंस में भेजे जाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है.

CSK की प्राथमिकता अभी कोच की तलाश

चेन्नई सुपर किंग्स का नाम काफी समय से हार्दिक के साथ जोड़ा जाता रहा है. हालांकि टीम की तत्काल प्राथमिकता नए हेड कोच की नियुक्ति करना है. स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद यह पद खाली हुआ है और CSK पहले इस मोर्चे को सुलझाना चाहती है. हार्दिक के संभावित ट्रेड को लेकर पहले ऐसी चर्चाएं भी रही हैं कि चेन्नई को उनके बदले दो खिलाड़ियों को छोड़ना पड़ सकता है. इस संभावित सौदे में शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे नामों की चर्चा हुई थी.

KKR कैमरून ग्रीन को कर सकती है रिलीज

कोलकाता नाइट राइडर्स भी हार्दिक को लेकर विकल्प तलाश रही है. टीम के पास कैमरून ग्रीन के रूप में महंगा ऑलराउंडर मौजूद है, जिन्हें IPL 2027 से पहले रिलीज किए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है. हालांकि मुंबई के लिए यह सौदा उतना आकर्षक नहीं माना जा रहा, क्योंकि IPL के बाद एशेज सीरीज होने वाली है और ऐसे में ग्रीन की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं.

राजस्थान से यशस्वी जायसवाल का नाम

राजस्थान रॉयल्स के पास पहले से ही कई बेहतरीन ऑलराउंडर हैं. टीम के स्क्वॉड में रवींद्र जडेजा, सैम कर्रन, डोनोवन फरेरा और दासुन शनाका जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. इसके बावजूद हार्दिक पांड्या जैसा भारतीय ऑलराउंडर टीम के लिए अहम विकल्प हो सकता है. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि संभावित ट्रेड के लिए राजस्थान रॉयल्स यशस्वी जायसवाल को लेकर भी विचार कर सकती है.

फिलहाल हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से अलग होने या किसी दूसरी टीम में जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. IPL 2027 से पहले ट्रेड विंडो में स्थिति और साफ हो सकती है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक मुंबई के साथ बने रहते हैं या पांच दावेदारों में से कोई फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाने में सफल होती है.