टीएनपी डेस्क(TNP DESK): भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है. बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है और इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले वह भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.
वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है. इसके अलावा सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी उन्हें भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया है. क्रिकेट जगत में उनके चयन को भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इस चयन के साथ वैभव ने कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं. इससे पहले भारतीय टीम में सबसे कम उम्र में चुने जाने का रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर Shafali Verma के नाम था, जिन्हें 15 साल 220 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह मिली थी. वहीं पुरुष क्रिकेट में यह उपलब्धि महान बल्लेबाज Sachin Tendulkar के नाम दर्ज थी, जिनका चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था.
वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया. पूरे सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की. इसके अलावा उन्हें मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कई पुरस्कार भी मिले.
उनकी बल्लेबाजी का अंदाज पूरे सीजन चर्चा में रहा. उन्होंने केवल 36 गेंदों में शतक जड़कर अपनी विस्फोटक क्षमता का परिचय दिया. इसके अलावा तीन मौकों पर वह शतक के बेहद करीब पहुंचकर 90 से 100 रन के बीच आउट हुए.
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें वैभव के अंतरराष्ट्रीय सफर पर टिकी हैं. उम्मीद की जा रही है कि वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं.