आज भारत-जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 मुकाबला, स्मृति मंधाना की कप्तानी पर रहेंगी नजरें

क्रिकेट फैंस के लिए आज का दिन खास होने वाला है. भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमें तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने होंगी. शुक्रवार को रायपुर में शाम 7 बजे से यह मैच खेला जाएगा.

आज भारत-जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 मुकाबला, स्मृति मंधाना की कप्तानी पर रहेंगी नजरें

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): क्रिकेट फैंस के लिए आज का दिन खास होने वाला है. भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमें तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने होंगी. शुक्रवार को रायपुर में शाम 7 बजे से यह मैच खेला जाएगा. स्मृति मंधाना के रेगुलर कप्तान बनने के बाद भारतीय टीम पहली बार मैदान पर उतरेगी. ऐसे में फैंस को उनसे अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी. दूसरी तरफ जिम्बाब्वे की टीम भी इस मुकाबले में अपना दम दिखाना चाहेगी.

जिम्बाब्वे के लिए जीत की राह आसान नहीं

जिम्बाब्वे की महिला टीम के लिए इस साल टी-20 इंटरनेशनल में परफॉरमेंस काफी अच्छा नहीं रहा है. टीम ने इस साल 18 मुकाबले खेले हैं और उसे किसी में भी जीत नहीं मिली है. टीम की पिछली जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ आई थी.

वहीं, भारतीय टीम लगातार आठ टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले जीत चुकी है. हाल के टूर्नामेंट में भी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में भारत का पलड़ा मजबूत नजर आता है. हालांकि, क्रिकेट में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

शेफाली और श्री चरणी पर रहेंगी नजरें

भारतीय टीम में शेफाली वर्मा का रोल काफी अहम रहने वाली है. उन्होंने इस साल 24 टी-20 मैचों में 863 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 162.83 रहा है. वह इस सीरीज में उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगी. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है. गेंदबाजी में श्री चरणी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. उन्होंने इस साल 23 मैचों में 47 विकेट लिए हैं. उनकी इकोनॉमी 5.67 रही है. वह अपनी फिरकी से विरोधी टीम के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकती हैं.

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी और गेंदबाजी

जिम्बाब्वे की ओर से केलिस एनधलोवु पर सबकी नजरें रहेंगी. उन्होंने इस साल 18 टी-20 मैचों में 320 रन बनाए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 48 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली थी.

गेंदबाजी में मिचेल मवुंगा टीम के लिए अहम साबित हो सकती हैं. उन्होंने 10 मैचों में आठ विकेट लिए हैं. जिम्बाब्वे को अगर भारत को चुनौती देनी है, तो बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.

रायपुर की पिच पर बन सकते हैं रन

रायपुर की पिच को बल्लेबाजी के लिए अच्छा माना जाता है. यहां जनवरी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन का लक्ष्य हासिल किया था. ऐसे में इस मुकाबले में भी बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं. मौसम साफ रहने का अनुमान है. दिन में तापमान करीब 33 डिग्री और शाम को लगभग 28 डिग्री रह सकता है.

अब देखना होगा कि स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज का आगाज करती है या जिम्बाब्वे कोई बड़ा उलटफेर करने में कामयाब रहती है.