BREAKING: 3 साल बाद फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभालेंगे रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या की जगह बने कप्तान
रोहित शर्मा तीन साल बाद फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बने हैं. फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या की जगह रोहित को टीम की कमान सौंपी है.
रोहित शर्मा तीन साल बाद फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बने हैं. फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या की जगह रोहित को टीम की कमान सौंपी है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): IPL में मुंबई इंडियंस की पहचान उसकी मजबूत कप्तानी और शानदार प्रदर्शन के लिए रही है. अब एक बार फिर टीम उसी दौर में लौटती नजर आ रही है, जिसने उसे पांच बार चैंपियन बनाया था. रोहित शर्मा को तीन साल बाद मुंबई इंडियंस का कप्तान नियुक्त किया गया है. फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. रोहित अब हार्दिक पंड्या की जगह टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे.
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने रचा इतिहास
रोहित शर्मा ने साल 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी. इसके बाद 2023 तक लगातार 11 सीजन उन्होंने टीम का नेतृत्व किया. इस दौरान मुंबई ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया. इतना ही नहीं, 2013 में टीम ने चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी भी जीती थी. रोहित की कप्तानी में मुंबई IPL की सबसे सफल टीमों में शामिल हो गई.
कैसे मिली थी पहली बार कप्तानी?
साल 2013 में मुंबई की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के पास थी. हालांकि, शुरुआती छह मैचों में टीम को तीन जीत ही मिलीं और पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था. ऐसे में उन्होंने खुद को प्लेइंग-11 से बाहर कर कप्तानी छोड़ दी. इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने 26 साल के रोहित शर्मा पर भरोसा जताया. रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार कप्तानी की और उसी सीजन मुंबई को पहला IPL खिताब दिला दिया.
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई पिछले तीन सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ तक पहुंच सकी. इसी बीच फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया. बताया जा रहा है कि रोहित ने शुरुआत में तिलक वर्मा को कप्तान बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन फ्रेंचाइजी के बार-बार आग्रह के बाद उन्होंने दोबारा कप्तानी संभालने के लिए हामी भर दी. अब देखना होगा कि रोहित की वापसी मुंबई को फिर से चैंपियन बना पाती है या नहीं.