BREAKING: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा फुटबॉल को अलविदा, 41 की उम्र में लिया संन्यास
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब अपनी राष्ट्रीय टीम की जर्सी में खेलते नजर नहीं आएंगे. 41 साल की उम्र में रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही पुर्तगाल के लिए उनका 23 साल लंबा सफर खत्म होने जा रहा है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब अपनी राष्ट्रीय टीम की जर्सी में खेलते नजर नहीं आएंगे. 41 साल की उम्र में रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही पुर्तगाल के लिए उनका 23 साल लंबा सफर खत्म होने जा रहा है. रोनाल्डो ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि नवंबर के इंटरनेशनल ब्रेक के बाद वह पुर्तगाल की सात नंबर की जर्सी वापस कर देंगे.
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
रोनाल्डो ने अपने वीडियो संदेश में पुर्तगाल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब राष्ट्रीय टीम की सात नंबर की जर्सी छोड़ने का समय आ गया है. उनके इस फैसले से दुनिया भर के फुटबॉल फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है. रोनाल्डो के लिए यह सिर्फ एक जर्सी नहीं, बल्कि उनके करियर की पहचान रही है.
पुर्तगाल के लिए बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
रोनाल्डो ने अगस्त 2003 में पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के लिए अपना पहला मैच खेला था. इसके बाद उन्होंने अपने खेल से लगातार नए रिकॉर्ड बनाए. अब तक उन्होंने पुर्तगाल के लिए 234 मैच खेले और 146 गोल किए. वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. इसके साथ ही सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है.
2016 में पुर्तगाल को बनाया यूरोप का चैंपियन
रोनाल्डो के करियर का सबसे यादगार पल 2016 में आया, जब उनकी कप्तानी में पुर्तगाल ने पहली बार यूरो कप का खिताब जीता. इस जीत के साथ पुर्तगाल ने पहली बार यूरोप की सबसे बड़ी फुटबॉल ट्रॉफी अपने नाम की थी. इसके बाद 2019 और 2025 में भी रोनाल्डो ने टीम के साथ यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता.
छह विश्व कप में खेलने वाले खिलाड़ी
रोनाल्डो ने अपने करियर में छह फीफा विश्व कप में पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व किया. वह दुनिया के ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने विश्व कप के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल किया है. यह रिकॉर्ड उनकी लंबी फुटबॉल यात्रा और लगातार शानदार प्रदर्शन को दिखाता है.
रोनाल्डो के संन्यास के साथ पुर्तगाल फुटबॉल का एक बड़ा दौर खत्म होने जा रहा है. मैदान पर उनका खेल, गोल करने का अंदाज और सात नंबर की जर्सी हमेशा फैंस को याद रहेगी. 23 साल तक देश के लिए खेलने के बाद अब रोनाल्डो राष्ट्रीय टीम को अलविदा कहने जा रहे हैं.