Asian Games 2026: सुरुचि सिंह और कमलजीत ने शूटिंग में भारत को दिलाया पहला गोल्ड, एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ा
एशियन गेम्स 2026 में सुरुचि सिंह और कमलजीत सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया. भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल कर नया एशियन रिकॉर्ड भी बनाया. यह मौजूदा एशियन गेम्स में शूटिंग में भारत का पहला और कुल दूसरा गोल्ड मेडल है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): जापान में चल रहे आइची-नागोया एशियन गेम्स में शुक्रवार को भारत के लिए शूटिंग रेंज से बड़ी खुशखबरी आई. सुरुचि सिंह और कमलजीत सिंह की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. यह एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत का पहला गोल्ड है. वहीं इन खेलों में भारत का यह कुल दूसरा गोल्ड मेडल है. इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने देश को पहला गोल्ड दिलाया था.
सुरुचि और कमलजीत ने सिर्फ गोल्ड ही नहीं जीता, बल्कि फाइनल में नया एशियन रिकॉर्ड बनाकर अपनी जीत को और खास बना दिया.
फाइनल में शुरू से बनाई बढ़त
सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए. भारतीय निशानेबाज शुरुआत से ही मुकाबले में आगे रहे और आखिरी समय तक अपनी बढ़त बनाए रखी.
दक्षिण कोरिया की जोड़ी ने भारत को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन भारतीय निशानेबाज दबाव में नहीं आए. दक्षिण कोरिया 478 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा और उसे सिल्वर मेडल मिला. भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया को 6.6 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ा. ईरान ने 415.8 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

फाइनल में बनाया नया एशियन रिकॉर्ड
गोल्ड मेडल के साथ भारतीय जोड़ी ने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया. फाइनल में सुरुचि और कमलजीत का 484.6 का स्कोर नया एशियन रिकॉर्ड बना.
इससे पहले यह रिकॉर्ड 481.3 अंकों का था, जिसे इसी साल उज्बेकिस्तान की टीम ने बनाया था. भारतीय जोड़ी का स्कोर वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 3.8 अंक पीछे रहा.
क्वालिफिकेशन में भी दिखाया दम
फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी सुरुचि और कमलजीत का दबदबा देखने को मिला. दोनों ने 196, 195 और 196 की सीरीज के साथ कुल 587-29x का स्कोर बनाया और पहले स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई.
इस प्रदर्शन के साथ भारतीय जोड़ी ने एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. पिछला रिकॉर्ड 577 अंकों का था, जिसे भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या सुब्बाराजू ने 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में बनाया था.
587-29x के स्कोर के साथ सुरुचि और कमलजीत ने इस इवेंट के मौजूदा एशियन रिकॉर्ड की बराबरी भी की. यह रिकॉर्ड भारत के मनु भाकर और सौरभ चौधरी के नाम था, जिन्होंने 2021 में क्रोएशिया के ओसिजेक में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में यह स्कोर बनाया था.

आखिरी समय में बनी जोड़ी ने कर दिया कमाल
इस गोल्ड की एक दिलचस्प बात यह भी रही कि मिक्स्ड टीम की जोड़ी में आखिरी समय में बदलाव किया गया था. सुरुचि और कमलजीत को साथ उतारने का फैसला भारत के लिए शानदार साबित हुआ. दोनों ने पहले क्वालिफिकेशन में रिकॉर्ड बनाया और फिर फाइनल में भी दबदबा कायम रखते हुए गोल्ड जीत लिया.
भारतीय शूटिंग के लिए बड़ी कामयाबी
इस जीत के साथ भारतीय शूटिंग को मौजूदा एशियन गेम्स का पहला गोल्ड मिल गया. नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कलिकेश सिंह देव ने दोनों निशानेबाजों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि बड़े मंच पर दबाव के बीच गोल्ड जीतना और रिकॉर्ड बनाना भारतीय शूटिंग के लिए गर्व की बात है.
इस गोल्ड के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है. शुक्रवार सुबह के ताजा अपडेट में भारत के खाते में कुल 19 पदक हो चुके थे, जिनमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल थे. हालांकि दिनभर दूसरे मुकाबले जारी रहने के कारण मेडल टैली में आगे बदलाव हो सकता है.