भारतीय शादियों में हल्दी की रस्म: दूल्हा-दुल्हन को शादी से पहले क्यों लगाई जाती है हल्दी? जानिए रस्म की परंपरा और महत्व
शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं बल्कि दो परिवारों उनकी संस्कृतियों और उनकी परंपराओं का संगम होती है. शादी में निभाए जाने वाली हर रस्म का अपना एक अलग महत्व होता है. इन्हीं में से एक है हल्दी की रस्म.
टीएनपी डेस्क: शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं बल्कि दो परिवारों उनकी संस्कृतियों और उनकी परंपराओं का संगम होती है. शादी में निभाए जाने वाली हर रस्म का अपना एक अलग महत्व होता है. इन्हीं में से एक है हल्दी की रस्म. हल्दी की रस्म का इंतजार दूल्हा दुल्हन के साथ परिवार के लोगों को भी रहता है. क्योंकि पीले रंग, फूलों की खुशबू और ढोलक की थाप के बीच निभाए जाने वाली यह रस्म शादी के माहौल को और भी खास बना देती है.

क्या है हल्दी की रस्म और कब निभाई जाती है?
हल्दी की रस्म को आमतौर पर शादी से एक या दो दिन पहले निभाया जाता है. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन को एक विशेष स्थान पर बैठाया जाता है और उसके बाद परिवार के सदस्य उनके चेहरे हाथों और पैरों पर हल्दी लगाते हैं. हालांकि अलग-अलग जगह पर लोग अपनी परंपरा के अनुसार इस हल्दी को तैयार करते हैं .कई जगहों पर हल्दी में दूध, दही सरसों का तेल और गुलाब जल जैसी चीज मिलाकर लगाई जाती हैं तो कई जगहों पर उबटन पीसकर फिर उसमें हल्दी मिलाकर लगाया जाता है यह बिल्कुल क्षेत्र की परंपराओं पर निर्भर करता है.मान्यता है कि हल्दी का पीला रंग शुभता, समृद्धि और सकारात्मकता का प्रतीक होता है. इसे दूल्हा-दुल्हन के नए जीवन की मंगल शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है.

क्यों खास है हल्दी की रस्म?
हल्दी की रस्म का महत्व सिर्फ धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है. यह परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और अपनापन को दर्शाती है. बुजुर्गों और घर के परिवारों द्वारा दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाकर आशीर्वाद दिया जाता है. पारंपरिक रूप से हल्दी को त्वचा की देखभाल से भी जोड़ा जाता रहा है. कहा जाता है हल्दी लगने के बाद दूल्हा दुल्हन के चेहरे पर निखार आ जाता है.

अलग-अलग राज्यों में हल्दी रस्म की परंपरा
बिहार और उत्तर प्रदेश: यहां हल्दी की रस्म के साथ पारंपरिक गीत-संगीत और परिवार की महिलाओं द्वारा निभाई जाने वाली रस्मों का विशेष महत्व है. बिहार के कई परिवारों में हल्दी कुटाई की परंपरा भी निभाई जाती है.
पंजाब: यहां इसे माईयां या वटणा कहा जाता है. इस दौरान पारंपरिक गीत गाए जाते हैं.
बंगाल: यहां हल्दी की रस्म को गाये होलुद कहा जाता है. इसमें दूल्हे के घर से हल्दी दुल्हन के घर भेजने की परंपरा भी है.
गुजरात और राजस्थान: यहां इसे पीठी कहा जाता है. हल्दी के साथ बेसन और चंदन का इस्तेमाल भी किया जाता है.
दक्षिण भारत: तमिल परंपरा में मंगल स्नानम और अन्य दक्षिण भारतीय समुदायों में हल्दी से जुड़ी अलग-अलग रस्में निभाई जाती हैं.
हल्दी समारोह में पीले रंग का विशेष आकर्षण
हल्दी समारोह में पीले रंग का विशेष आकर्षण होता है. दूल्हा-दुल्हन से लेकर परिवार के सदस्य और रिश्तेदार तक अक्सर पीले रंग के कपड़े पहनते हैं. समारोह स्थल को गेंदे के फूलों, पीले पर्दों और फूलों की मालाओं से सजाया जाता है. कई परिवारों में इस मौके पर पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं. कहीं ढोलक बजती है तो कहीं डीजे की धुन पर परिवार के सदस्य नाचते नजर आते हैं. यही वजह है कि हल्दी की रस्म शादी के सबसे खुशनुमा आयोजनों में गिनी जाती है.