Chhath 2026: नहाय-खाय के साथ कल से शुरू होगा आस्था का महापर्व, जानिए चार दिवसीय व्रत का खास महत्व

छठ महापर्व 2026 की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी. जानें कद्दू-भात, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की तिथियां.

Chhath 2026: नहाय-खाय के साथ कल से शुरू होगा आस्था का महापर्व, जानिए चार दिवसीय व्रत का खास महत्व

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ कल से शुरू हो रहा है. घाटों की रौनक, छठी मैया के पारंपरिक गीत और घरों में गूंजती पूजा की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म होने जा रहा है. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत की शुरुआत नहाय-खाय से होगी. पहले दिन व्रती स्नान और पूजा-पाठ के बाद कद्दू-भात का सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे. इसके साथ ही छठ के कठोर नियमों और पवित्र परंपराओं का पालन शुरू हो जाएगा.

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ देश के कई हिस्सों में मनाया जाने वाला यह पर्व सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है. इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ पूजा करते हैं. छठ की सबसे खास परंपरा डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना है. इस वर्ष छठ महापर्व की शुरुआत कल से यानि 13 नवंबर, शुक्रवार को होगी, जबकि 16 नवंबर, सोमवार को उषा अर्घ्य और पारण के साथ इसका समापन होगा.

Image

पहला दिन : नहाय-खाय (13 नवंबर)
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं. छठ पूजा में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व होता है. इसके बाद पूरी पवित्रता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है. इस दिन मुख्य रूप से कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल यानी कद्दू-भात खाने की परंपरा है. व्रती भोजन ग्रहण करने के बाद चार दिवसीय अनुष्ठान के नियमों का पालन शुरू कर देते हैं.

Image

दूसरा दिन : लोहंडा और खरना (14 नवंबर)
छठ का दूसरा दिन लोहंडा और खरना के नाम से जाना जाता है. इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखते हैं. शाम के समय स्नान और पूजा-पाठ के बाद खरना का प्रसाद तैयार किया जाता है. इसमें गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का विशेष महत्व है. व्रती पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के सदस्यों में भी इसे बांटा जाता है. खरना के साथ ही लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत हो जाती है, जो उषा अर्घ्य के बाद पारण तक जारी रहता है.

Image

तीसरा दिन : संध्या अर्घ्य (15 नवंबर)
छठ महापर्व का तीसरा दिन सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक माना जाता है. इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं. बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर भगवान सूर्य की पूजा की जाती है. सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं.

Image

चौथा दिन : उषा अर्घ्य और पारण (16 नवंबर)
छठ महापर्व का अंतिम दिन उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होता है. इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले ही पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच जाते हैं. सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की जाती है. परिवार की सुख-शांति और संतान की लंबी उम्र की कामना के साथ पूजा संपन्न होती है. इसके बाद व्रती पारण कर करीब 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करते हैं.

छठ में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक मंगलकामना का प्रतीक भी है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यदेव की उपासना से आरोग्य, सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है. वहीं, छठी मैया की पूजा संतान की दीर्घायु, परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति की कामना के लिए की जाती है. इस पर्व में डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाता है, जबकि उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नई ऊर्जा और जीवन में खुशहाली की प्रार्थना की जाती है.