8 साल का प्यार, 72 दिन की शादी...फिर आकृति के साथ हुआ कुछ ऐसा कांड की कांप जाएगी रूह

8 साल का प्यार, 72 दिन की शादी...फिर आकृति के साथ हुआ कुछ  ऐसा कांड की कांप जाएगी रूह

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): एक लड़की जब शादी के बंधन में बंधती है तो उसकी आँखों में नए जीवन को लेकर कई सारे सपने होते हैं. वह सोचती है की उसे जितना प्यार अपने घर में मिला है, उतना ही प्यार उसका नया जीवन साथी भी उसे देगा और उसे फूल से भी नाजुक तरीके से सहेज कर रखेगा. पर जरा सोचिए की जिस लड़की ने अपने नए शादीशुदा जीवन के लिए इतने सँजोये थे, वह सपना एक पल में ही चकना चूर हो जाए, तो लड़की इस परिस्थिति से कैसे निकलेगी?

ऐसा ही हुआ दिल्ली की आकृति के साथ जिसने 8 साल के प्यार के बाद, सोच समझ कर अपने प्रेमी से शादी करने का फैसला लिया था. मामला राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित पालिका कुंज का है जहाँ आठ वर्षों तक चले प्रेम संबंध के बाद परिवारों की सहमति से हुई शादी महज 72 दिनों में दर्दनाक अंत तक पहुंच गई. यहाँ 28 वर्षीय आकृति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

मृतका की मां अनु साय सुतार ने बताया कि आकृति और अरस्तू की पहचान करीब आठ साल पहले हुई थी. अरस्तू की बहन ऑगस्टिका, आकृति की स्कूल की दोस्त थी और उसी के माध्यम से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए. समय के साथ दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों परिवारों की सहमति से 24 अप्रैल 2026 को विवाह संपन्न हुआ. परिवार को उम्मीद थी कि बेटी नई जिंदगी की खुशियों के साथ आगे बढ़ेगी, लेकिन शादी के कुछ ही सप्ताह बाद हालात पूरी तरह बदल गए.

परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही अरस्तू का व्यवहार बदल गया. वह आकृति पर मायके से 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगा. जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो कथित रूप से उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई. मृतका की मां का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर भी आकृति को पीटा जाता था. आरोप है कि 17 जून को बेल्ट से उसकी पिटाई की गई और 29 जून को फिर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई. परिवार का दावा है कि घटना से पांच दिन पहले आकृति ने अपनी मां से कहा था कि उसे अपनी जान का खतरा है और पति उसे मार सकता है. चार जुलाई को आकृति पालिका कुंज परिसर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में उसके हाथ और जांघ पर चोट के निशान मिले हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये चोटें गिरने से लगीं या पहले से मौजूद थीं.

पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह आत्महत्या, दुर्घटना या सुनियोजित हत्या का मामला है. साथ ही पुलिस इस रहस्य से भी पर्दा उठाने की कोशिश कर रही है कि आकृति साकेत मेट्रो स्टेशन से करीब 10 किलोमीटर दूर पालिका कुंज तक कैसे पहुंची. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल आरोपी पति न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहा है और मामले की जांच जारी है.