टीएनपी डेस्क(TNP DESK):यदि आप भी रोजाना सड़क पर वाहन लेकर निकलते है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. यदि आप भी उन लोगों में शामिल है, जिनका चालान कटने के बाद भी उसका भुगतान नहीं हो पाता है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. अब आपको ट्रैफ़िक पुलिस कार्यालय या आरटीओ के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. आप घर बैठे ही आसानी से अपना ट्रैफिक चालान जमा कर सकते हैं. कैसे. चलिए आपको स्टेप बाय स्टेप पूरी प्रक्रिया बताते है.
कोई बकाया हो, तो उसे जल्द से जल्द जमा कर दें
आपको बता दें कि कई बार ऐसा होता है कि कैमरे के जरिए ई-चालान कट जाता है और लोगों को इसकी जानकारी भी नहीं मिलती.जिसकी वजह से लोग लंबे समय तक इससे अनजान रहते है और समय पर भुगतान नहीं कर पाते. ऐसे में तय समय सीमा के बाद विभाग की ओर से वसूली की कार्रवाई शुरू की जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. कभी जानबूझकर तो कभी अनजाने में लोग चालान का भुगतान नहीं करते. इसलिए जरूरी है कि आप समय-समय पर अपना ट्रैफिक चालान चेक करते रहें और यदि कोई बकाया हो, तो उसे जल्द से जल्द जमा कर दें.
अब चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
दरअसल, रोजाना नौकरीपेशा और बिजनेस करने वाले लोगों को चालान जमा करने के लिए ट्रैफिक पुलिस कार्यालय या आरटीओ के चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन अब ऐसे लोगों के लिए राहत की खबर है. सरकार की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए आप घर बैठे ही कुछ ही मिनटों में अपना चालान जमा कर सकते हैं. यदि आपको ऑनलाइन ट्रैफिक चालान चेक करना और उसका भुगतान करना नहीं आता है, तो चलिए आपको पूरी प्रक्रिया बताते हैं, ताकि अगली बार आपको किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इस तरह पता करें आपका चालान कटा है या नहीं
चालान ऑनलाइन जमा करने से पहले आपको यह जान लेना चाहिए कि आपका कोई पुराना चालान बकाया है या नहीं. इसके लिए सबसे पहले आपको परिवहन ई-चालान पोर्टल पर जाना होगा. वहां Check Challan Status पर क्लिक करें. इसके बाद वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर में से किसी एक विकल्प का चयन करें. फिर मांगी गई जानकारी भरें. इसके बाद कैप्चा दर्ज करके Get Details पर क्लिक करें. इसके बाद स्क्रीन पर आपकी गाड़ी या ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े सभी पेंडिंग और भुगतान किए गए चालान दिखाई देंगे. इससे आपको पता चल जाएगा कि आपका कोई चालान बकाया है या नहीं.
इस तरह घर बैठे मिनटो में करे चलान जमा
चलिए अब आपको ऑनलाइन ट्रैफिक चालान भरने की प्रक्रिया भी बता देते हैं. पेंडिंग चालान के सामने Pay Now का विकल्प दिखाई देगा, जिस पर आपको क्लिक करना होगा. इसके बाद अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें. यहां आपको क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और यूपीआई जैसे कई भुगतान विकल्प मिलेंगे. आप अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी माध्यम से भुगतान कर सकते हैं. पेमेंट पूरा होने के बाद आपको रसीद डाउनलोड करने का भी विकल्प मिलेगा, जिसे आप भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं. इस तरह आप घर बैठे ही महज दो से तीन मिनट में अपना ट्रैफिक चालान जमा कर सकते है.
लम्बे समय तक न रखें बकाया
आपको बता दें कि यदि आपका कोई चालान बकाया है, तो उसे लंबे समय तक लंबित नहीं रखना चाहिए. उसका जल्द से जल्द भुगतान कर देना चाहिए. क्योंकि लंबे समय तक चालान का भुगतान नहीं करने पर नियमों के मुताबिक आगे चलकर आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है. कुछ राज्यों में आरसी या ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्रवाई भी की जा सकती है. इसलिए समय पर चालान जमा करना ही आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प है.

