ऑनलाइन खाना मंगाना पड़ा भारी! बंदे ने ऑर्डर किया 379 रुपये का खाना लेकिन डिलीवरी चार्ज देख उड़ गए होश

379 का खाना ऑर्डर करने पर डिलीवरी चार्ज ₹744 देखकर ग्राहक के होश उड़ गए. अतिरिक्त शुल्क जुड़ने के बाद बिल ₹1,306.40 पहुंच गया, जिसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

ऑनलाइन खाना मंगाना पड़ा भारी! बंदे ने ऑर्डर किया 379 रुपये का खाना लेकिन डिलीवरी चार्ज देख उड़ गए होश

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):आजकल लोग काम या पढ़ाई के सिलसिले में घर से ज्यादातर बाहर रहते हैं, तो ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, जहां मोबाइल के जरिए स्विगी या जोमैटो से खाना मंगाते हैं. यहां आपके दरवाजे तक डिलीवरी बॉय खाना पहुंचाते हैं, जिसके बदले डिलीवरी चार्ज लिया जाता है और आपके खाने के बिल के साथ जोड़ दिया जाता है. दरअसल, इन सब के बारे में आज हम बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि बात ही कुछ ऐसी है, जहां एक युवक ने जब खाना ऑर्डर किया तो डिलीवरी चार्ज देखकर उसके होश उड़ गए. उड़े भी क्यों न? जब 300 रुपये के खाना पहुंचाने का डिलीवरी चार्ज 800 रुपये लगेगा, तो आपका दिमाग भी हिलेगा ही.

 डिलीवरी चार्ज देख उड़ गए होश

जब भी हम ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, तो 300 रुपये के खाने पर लगभग 50 से 80 रुपये के बीच ही डिलीवरी चार्ज लगता है, लेकिन सोशल मीडिया पर जो खबर वायरल हो रही है, वो काफी हैरान करने वाली है, जहां ‘जितने के बबुआ, उतने के झुनझुना’ कहावत सच होती दिख रही है. अब खाने का यह बिल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जहां लोग इसको देखकर भड़क रहे हैं, वहीं इसे लाइक, शेयर और कमेंट भी कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है पोस्ट

सोशल मीडिया X पर @Rudra_pvt_ नाम के यूजर ने अपने फूड ऑर्डर का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें खाने की असली कीमत और बिल पेमेंट के बीच बड़ा अंतर है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इसके मुताबिक, यूजर ने 379 रुपये का खाना चुना था. लेकिन ऑर्डर का बिल सामने आने पर रकम काफी बढ़ गई. स्क्रीनशॉट में 19 रुपये रेस्टोरेंट पैकेजिंग चार्ज, 14.90 रुपये प्लेटफॉर्म फीस और 149.50 रुपये जीएसटी के साथ 744 रुपये का डिलीवरी चार्ज दिखाई दिया. इस तरह कुल बिल 1,306.40 रुपये तक पहुंच गया. डिस्काउंट कूपन का इस्तेमाल करने के बाद भी कथित तौर पर करीब 1,166 रुपये का भुगतान करना था.

इतनी रकम में तो ग्राहक खुद रेस्टोरेंट पहुंचकर खाना खा लेते

इतने बड़े अंतर को देखकर यूजर ने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या खाना अब फ्लाइट से पहुंचाया जाएगा. कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इतनी रकम में तो ग्राहक खुद रेस्टोरेंट पहुंचकर खाना खा सकता है. वहीं, कुछ लोगों ने मांग उठाई कि डिलीवरी और दूसरे अतिरिक्त शुल्क को लेकर ग्राहकों के लिए स्पष्ट नियम और उचित सीमा होनी चाहिए. एक अन्य यूजर ने दावा किया कि कम दूरी के ऑर्डर में भी कई बार डिलीवरी और अन्य शुल्क काफी ज्यादा दिखाई देते हैं. इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन फूड ऑर्डर करते समय सिर्फ खाने की कीमत देखने के बजाय अंतिम भुगतान राशि पर नजर रखने की जरूरत को सामने ला दिया है. ऑर्डर कन्फर्म करने से पहले ग्राहकों को पैकेजिंग चार्ज, प्लेटफॉर्म फीस, टैक्स, डिलीवरी चार्ज और उपलब्ध डिस्काउंट को ध्यान से जांच लेना चाहिए.