त्योहार खत्म होते ही सताने लगी घर से दूर जाने की चिंता? होमसिकनेस से बचने के लिए अपनाएं ये 4 आसान टिप्स

त्योहारों के दौरान परिवार के साथ बिताए पल, घर का खाना और अपनों का साथ छोड़कर दोबारा अकेले रहने जाना कई लोगों के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में मन उदास होना, बार-बार घर की याद आना और वापस जाने का मन न करना नॉर्मल है. मन की इसी स्थिति को होमसिकनेस (Homesickness) कहा जाता है.

त्योहार खत्म होते ही सताने लगी घर से दूर जाने की चिंता? होमसिकनेस से बचने के लिए अपनाएं ये 4 आसान टिप्स

टीनपी डेस्क (TNP DESK): घर की याद आना नॉर्मल है. अभी त्योहार खत्म हुए है और जो लोग घर से दूर जॉब या पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रहते है उन्हें अब फिर से घर से दूर जाना पड़ रहा है. यानी अब त्योहारों का मौसम खत्म हो चुका है. दिवाली और छठ जैसे पर्व पर घर आए लोग अब धीरे-धीरे अपनी नौकरी और पढ़ाई के सिलसिले में वापस लौटने की तैयारी कर रहे हैं. कोई काम के लिए दूसरे शहर में रहता है, तो कोई बेहतर शिक्षा के लिए परिवार से दूर हॉस्टल या पीजी में रह रहा है. त्योहारों के दौरान परिवार के साथ बिताए पल, घर का खाना और अपनों का साथ छोड़कर दोबारा अकेले रहने जाना कई लोगों के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में मन उदास होना, बार-बार घर की याद आना और वापस जाने का मन न करना नॉर्मल है. मन की इसी स्थिति को होमसिकनेस (Homesickness) कहा जाता है.

क्या है होमसिकनेस

होमसिकनेस ऐसी भावनात्मक स्थिति है, जिसमें घर, परिवार और अपने करीबियों से दूर रहने पर व्यक्ति को अकेलापन, बेचैनी और तनाव महसूस होता है. यह समस्या खासतौर पर उन लोगों में देखी जाती है, जो पहली बार घर से दूर रहने जाते हैं. हालांकि, लंबे समय से दूसरे शहर में रह रहे लोगों को भी छुट्टियों के बाद वापस लौटने पर इसकी परेशानी महसूस हो सकती है.

होमसिकनेस से निपटने के लिए अपनाएं ये 4 तरीके

कमरे में बंद रहने के बजाय बाहर निकलें

घर से दूर जाने के बाद कई लोग अपना ज्यादातर समय कमरे में अकेले बिताने लगते हैं. इससे घर की याद और अकेलेपन का एहसास बढ़ सकता है. इसलिए कोशिश करें कि काम या पढ़ाई के बाद कुछ समय बाहर बिताएं. आसपास की जगहों को एक्सप्लोर करें, पार्क जाएं या अपनी पसंद की गतिविधियों में हिस्सा लें. इससे मन थोड़ा हल्का होगा और नए माहौल में ढलने में मदद मिलेगी.

नए लोगों से दोस्ती करें

नई जगह पर अपनेपन की कमी महसूस होना स्वाभाविक है. ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों, सहकर्मियों या कॉलेज के दोस्तों से बातचीत शुरू करें. उनके साथ समय बिताएं और नई चीजें सीखने की कोशिश करें. धीरे-धीरे नए लोगों के साथ आपका जुड़ाव बढ़ेगा और वहां भी एक छोटा सा अपना दायरा तैयार हो जाएगा. इससे अकेलापन कम करने में मदद मिलेगी.

परिवार और दोस्तों से जुड़े रहें

घर से दूर रहने का मतलब यह नहीं है कि आप अपनों से दूर हो गए हैं. परिवार और दोस्तों से नियमित बातचीत करते रहें. वीडियो कॉल करें, अपने दिनभर की बातें साझा करें और उनकी बातें भी सुनें. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि हर समय फोन पर घर से जुड़े रहने के बजाय अपने काम और नई जिंदगी के लिए भी समय निकालें. दोनों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है.

घर की याद आने को सामान्य समझें

सबसे जरूरी बात यह है कि घर की याद आने पर खुद को कमजोर न समझें. त्योहारों पर परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस लौटने पर उदासी महसूस होना बिल्कुल सामान्य है. अपनी भावनाओं को दबाने या उनसे भागने की कोशिश न करें. घर की याद आए तो अपनों से बात करें, पसंदीदा गाने सुनें, घूमने जाएं या अपनी पसंद का कोई काम करें. खुद को नए माहौल में ढलने के लिए थोड़ा समय दें.

कब लेनी चाहिए विशेषज्ञ की मदद?

यदि घर से दूर रहने के कारण लगातार उदासी, घबराहट, नींद और भूख से जुड़ी परेशानी हो रही है और इसका असर आपकी नौकरी, पढ़ाई या रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है, तो मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेने में संकोच न करें. याद रखें, घर की याद आना कमजोरी नहीं है. अपनों से दूर रहकर नई जगह पर खुद को ढालना एक प्रक्रिया है, जिसमें समय लग सकता है. खुद को थोड़ा समय दें और धीरे-धीरे नई जिंदगी में अपनी जगह बनाएं.