त्योहारों के बीच महंगाई की मार! चीनी से लेकर ड्राई फ्रूट्स तक के दाम आसमान पर, लोगों की पॉकेट हुई ढीली
रसोई में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों से लेकर मिठाई बनाने के सामान और ड्राई फ्रूट्स तक की कीमतें बढ़ गई हैं. ऐसे में लोगों को त्योहार मनाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): त्योहारों का मौसम आ गया है और ऐसे में घरों में साफ-सफाई से लेकर सजावट तक की तैयारियां शुरू हो गई हैं. बाजार भी रंग-बिरंगी लाइटों, दीयों और सजावटी सामानों से सजने लगे हैं. ऐसे में दिवाली में घर में तरह तरह के पकवान, मिठाईयां बनना, गेस्ट की खातिरदारी में रहना और भी बहुत कुछ. लेकिन इस बार त्योहारों की खुशियों के बीच ग्रहण लगने के असार है. महंगाई इस बार लोगों की जेब ढीली करने वाली है. महंगाई ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. रसोई में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों से लेकर मिठाई बनाने के सामान और ड्राई फ्रूट्स तक की कीमतें बढ़ गई हैं. ऐसे में लोगों को त्योहार मनाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. इसका असर आम परिवारों के साथ-साथ दुकानदारों और कंपनियों के दिवाली गिफ्ट बजट पर भी पड़ रहा है.

चीनी, बेसन और सूजी के दाम बढ़े
दीपावली पर घरों में लड्डू, बर्फी, गुझिया और कई तरह की मिठाइयां बनाई जाती हैं. लेकिन इस बार इन्हें तैयार करना महंगा हो सकता है. बाजार में चीनी की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 66 रुपये प्रति किलो हो गई है. वहीं, बेसन 100 रुपये से बढ़कर 115 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. मैदा और सूजी के दाम में भी पांच-पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है. अब मैदा 60 रुपये और सूजी 65 रुपये प्रति किलो मिल रही है. इन चीजों की कीमत बढ़ने से घर में मिठाई और नमकीन बनाने का खर्च भी बढ़ गया है.

ड्राई फ्रूट्स खरीदना हुआ महंगा
दिवाली पर लोग एक-दूसरे को ड्राई फ्रूट्स के पैकेट भी उपहार में देते हैं. लेकिन इस बार इनकी कीमतों ने जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. काजू और बादाम 1100 रुपये से बढ़कर 1300 रुपये प्रति किलो हो गए हैं. वहीं, प्लेन पिस्ता 2800 रुपये से बढ़कर 3500 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है. मामरा बादाम की कीमत 4200 से बढ़कर 4400 रुपये और छुहारा 300 से बढ़कर 350 रुपये प्रति किलो हो गया है. हालांकि, किशमिश का भाव 520 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है.

दाल और तेल की कीमतों में भी बढ़ोतरी
त्योहारों पर घरों में कई तरह के नमकीन और पकवान तैयार किए जाते हैं. ऐसे में दाल और तेल की बढ़ती कीमतें भी लोगों का खर्च बढ़ा रही हैं. अरहर दाल 130 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो हो गई है. चना दाल 95 से 105 रुपये और काबुली चना 100 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. वहीं, घी की कीमत 700 रुपये से बढ़कर 740 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. सरसों तेल, रिफाइंड और बटर के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

गिफ्ट पैक की कीमत पर भी असर
महंगाई का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है. दिवाली पर कंपनियां अपने कर्मचारियों और ग्राहकों को मिठाई और ड्राई फ्रूट्स के पैकेट देती हैं. ऐसे में इन उपहारों को तैयार करने की लागत भी बढ़ रही है. व्यापारियों के लिए भी सामान खरीदना महंगा हो गया है. कुल मिलाकर इस बार लोगों को दिवाली की खरीदारी करते समय अपने बजट का खास ध्यान रखना होगा.