टीनपी डेस्क (TNP DESK): कपड़े खरीदना किसे पसंद नहीं है. हर स्टाइल के, हर ट्रेंड के, या फिर हर फेस्टिवल में लोगों को अलग अलग तरह के कपड़े खरीदकर उसे पहनना पसंद है. अक्सर जब भी कोई नया कपड़ा खरीदकर लाते हैं, तो उसकी फिटिंग, कलर और लुक एकदम परफेक्ट होता है. ऐसा लगता है कि यह ड्रेस हमारे लिए ही बनी है. लेकिन जैसे ही हम उसे एक-दो बार पहनते हैं या धोकर वार्डरोब में रखते हैं, उसका शेप बिगड़ने लगता है. एक-दो बार नए कपड़े पहनने के बाद हम उसे कभी खूंटी मे टांग देते या फिर अलमिरा में फेक देते, ऐसे में अक्सर लोग कपड़ों को साधारण खूंटी पर टांग देते हैं, जिससे कंधे या स्ट्रैप्स वाली जगह पर एक अजीब सा उभार या लूप बन जाता है. यह खिंचाव कपड़े के ओरिजिनल लुक को पूरी तरह बर्बाद कर देता है. ऐसे में कई बार हम सोचते हैं कि महंगे कपड़े भी एक बार पहनने के बाद पुराने क्यों लगने लगते हैं? इसका जवाब आपके कपड़ों के अंदर ही छिपा होता है, जिसे अमूमन हम सभी अनदेखा कर देते हैं और कई लोगों को तो पता ही नहीं होता की आपके कपड़ों में वो राज़ छुपा होता है जिससे आपके कपड़े सही रहेंगे.

जब आप कोई नया टॉप, गाउन, या स्लीवलेस ड्रेस खरीदते हैं, तो उसके शोल्डर या स्ट्रैप्स के अंदर की तरफ पतले, रिबन जैसे ट्रांसपैरेंट लूप्स (Hanger Loops) लगे होते हैं. ज्यादातर लोग इसे एक फालतू की चीज या पैकेजिंग का हिस्सा समझकर कैंची से काट कर फेंक देते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि यह सिर्फ दुकान में डिस्प्ले के लिए लगाया गया है. लेकिन असलियत यह है कि ये छोटे-छोटे लूप्स आपके महंगे कपड़ों की लाइफ बढ़ाने और उनके परफेक्ट शेप को बनाए रखने के लिए ही डिजाइन किए जाते हैं. इन्हें 'हैंगर लूप्स' कहा जाता है, जो कपड़ों की केयर का एक बेहद जरूरी हिस्सा हैं.

इन ट्रांसपैरेंट लूप्स का मुख्य काम कपड़ों को हैंगर पर सही तरीके से टिकाए रखना होता है. खासकर जब बात सैटिन, सिल्क, शिफॉन या महीन ऊन जैसे चिकने और नाजुक फैब्रिक की हो, तो वे सामान्य हैंगर से बार-बार फिसलकर नीचे गिर जाते हैं. इसके अलावा चौड़े गले वाले कपड़े, ऑफ-शोल्डर ड्रेसेस और हैवी गाउन्स को हैंगर पर बैलेंस करना काफी मुश्किल होता है. अगर इन्हें सीधे टांगा जाए, तो गुरुत्वाकर्षण (gravity) के कारण कपड़े का सारा वजन उसके शोल्डर्स पर आ जाता है, जिससे कपड़ा ढीला हो जाता है और उसकी फिटिंग खराब हो जाती है. जब आप इन ट्रांसपैरेंट लूप्स को हैंगर के दोनों तरफ के हुक्स या कट्स में फंसाकर टांगते हैं, तो कपड़े का वजन बराबर बंट जाता है. इससे कपड़ों का फैब्रिक खिंचने से बच जाता है और उनकी फिटिंग सालों-साल वैसी ही बनी रहती है जैसी शोरूम से लाते वक्त थी.

हालांकि, कई बार ये लूप्स कपड़े पहनने के बाद बाहर की तरफ झांकने लगते हैं या फिर त्वचा पर चुभते हैं, जिससे असुविधा होती है. अगर आपको इनसे बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है, तो आप इन्हें सावधानी से काट कर हटा भी सकते हैं. इन्हें काटने से आपके कपड़े की सिलाई या उसकी बनावट पर कोई सीधा असर नहीं पड़ता है. लेकिन ध्यान रहे, इन्हें हटाने के बाद आपको उन चिकने और हैवी कपड़ों को हैंगर पर टांगने के बजाय बहुत ही सलीके से तह (fold) लगाकर रखना होगा, ताकि उनका शेप न बिगड़े. अगली बार जब भी आप कोई नई ड्रेस खरीदें, तो इन ट्रांसपैरेंट लूप्स को बेकार समझकर फेंकने की गलती न करें. इनका सही इस्तेमाल करें और अपने पसंदीदा कपड़ों को लंबे समय तक नया और परफेक्ट फिटिंग वाला बनाए रखें.

