टीएनपी डेस्क(TNP DESK): भारत में चाय सिर्फ एक पीने की चींज नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. सुबह की शुरुआत से लेकर शाम की थकान मिटाने तक, चाय हर मौके पर साथ निभाती है. लेकिन चाय खत्म होने के बाद ज्यादातर लोग टी बैग्स को बिना सोचे-समझे फेंक देते हैं. शायद उन्हें यह नहीं पता कि यही साधारण सा टी बैग कई ऐसे घरेलू हैक्स का खजाना है, जो आपकी मेहनत, समय और पैसे तीनों की बचत कर सकता है.
अगर आप भी अब तक टी बैग्स को बेकार समझते आए हैं, तो आज जानिए इनके ऐसे चौंकाने वाले इस्तेमाल, जिन्हें जानकर आप दोबारा कभी इन्हें फेंकने की गलती नहीं करेंगे. ये आपकी आंखों की सूजन कम करती है, फ्रिज और जूतों की बदबू से छुटकारा दिला सकती है. इसके साथ ही पौधों को पोषण देना हो या घर की बदबू को भी दूर करता है, एक इस्तेमाल किया हुआ टी बैग इन सभी कामों में आपकी मदद कर सकता है.
अगर रातभर अच्छी नींद नहीं हुई और सुबह आंखों के नीचे सूजन दिखाई दे रही है, तो इस्तेमाल किए गए टी बैग्स मददगार साबित हो सकते हैं. इन्हें फ्रिज में ठंडा करके कुछ मिनट आंखों पर रखने से ठंडक महसूस होती है और आंखों को आराम मिल सकता है.
गर्मियों में फ्रिज से आने वाली बदबू अक्सर परेशानी बढ़ा देती है. सूखे हुए टी बैग्स को फ्रिज के किसी कोने में रख दें. यह नमी और दुर्गंध को सोखने में मदद कर सकते हैं. इसके साथ ही अगर जूतों से बदबू आने लगी है, तो सूखे टी बैग्स को रातभर जूतों के अंदर रख दें. यह नमी को कम करने और दुर्गंध को सोखने में मदद कर सकते हैं.
इतना ही नहीं टी बैग में बची हुई चाय की पत्तियां मिट्टी के लिए उपयोगी हो सकती हैं. इन्हें कंपोस्ट में मिलाया जा सकता है या पौधों की मिट्टी में डालकर प्राकृतिक खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. सूखे टी बैग्स में अपनी पसंद के एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें डालें और उन्हें कमरे, अलमारी या कार में टांग दें. इससे कमरे में ताजगी भरी खुशबू बनी रह सकती है.
कुछ लोग इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को उबलते पानी में डालकर निकाल लेते हैं और फिर उसी पानी में चावल, पास्ता में जाल कर पकाते है. इससे खाने में हल्का और अलग फ्लेवर आ सकता है. रसोई के कूड़ेदान में नीचे एक-दो सूखे टी बैग्स रखने से बदबू कम करने में मदद मिल सकती है. इसके साथ ही दिनभर की भागदौड़ के बाद गुनगुने पानी में इस्तेमाल किए गए टी बैग्स डालकर पैरों को कुछ देर डालकर रखें. इससे पैरों को आराम मिल सकता है और बदबू भी कम हो सकती है.
अक्सर हम जिन चीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, वे कई बार हमारे घर के सबसे उपयोगी संसाधनों में बदल सकती हैं. टी बैग भी ऐसी ही एक चीज है, जो आपकी जेब बचाने के साथ-साथ कई घरेलू समस्याओं का आसान समाधान बन सकता है.

