टीनपी डेस्क (TNP DESK): सोने के जेवर पहनना जितना लोगों को पसंद है उतना ही चांदी. आज के युवा सोने के जेवर से ज्यादा चांदी के जेवर पहनना पसंद करते है. और यही कारण है की रोजमर्रा की ज़िंदगी में भी सोने से ज्यादा चांदी पहनना पसंद करते है. लेकिन अक्सर ऐसा देखा जाता है की चांदी के बर्तन, गहने और पूजा की सामग्री समय के साथ अपनी चमक खोने लगते हैं. इसका मुख्य कारण हवा में मौजूद सल्फर यौगिक होते हैं. जब चांदी इनके संपर्क में आती है, तो उसकी सतह पर काले रंग की परत जमने लगती है. यह एक सामान्य रासायनिक प्रक्रिया है, लेकिन सही देखभाल और सफाई से चांदी को फिर से चमकदार बनाया जा सकता है.
चलिए अब आपको हम कुछ घरेलू नुस्खे बताते है जिससे आप आसानी से चांदी के कालेपान से निजात पा सकते है
बेकिंग सोडा और एल्युमिनियम फॉयल का आसान उपाय
चांदी साफ करने के लिए एक बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें एल्युमिनियम फॉयल बिछा दें. अब इसमें एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा डालें. चांदी के सामान को 5 से 10 मिनट तक इस घोल में रखें. इसके बाद सामान को निकालकर साफ पानी से धो लें और मुलायम कपड़े से पोंछ दें. यह तरीका चांदी की खोई हुई चमक वापस लाने में काफी कारगर माना जाता है.
टूथपेस्ट से भी लौट सकती है चमक
अगर घर में बेकिंग सोडा नहीं है, तो साधारण सफेद टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है. टूथपेस्ट को चांदी पर लगाकर मुलायम ब्रश या कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ें. फिर पानी से धोकर सूखे कपड़े से साफ कर लें.
इससे चांदी पर जमी गंदगी और कालापन काफी हद तक दूर हो जाता है.
नींबू और नमक का घरेलू नुस्खा
नींबू का रस और नमक मिलाकर तैयार किया गया मिश्रण भी चांदी की सफाई के लिए प्रभावी माना जाता है. इस मिश्रण को चांदी पर लगाकर कुछ मिनट तक छोड़ दें और फिर साफ कपड़े से पोंछ दें.
यह उपाय छोटे गहनों और पूजा के बर्तनों के लिए खासतौर पर फायदेमंद है.
चांदी को लंबे समय तक चमकदार रखने के टिप्स
चांदी की सफाई के साथ-साथ उसका सही रखरखाव भी जरूरी है. इस्तेमाल के बाद चांदी के सामान को सूखे कपड़े से साफ करें. उन्हें नमी वाली जगह पर रखने से बचें और एयरटाइट बॉक्स या जिप लॉक बैग में स्टोर करें. इससे चांदी जल्दी काली नहीं पड़ती और उसकी चमक लंबे समय तक बनी रहती है.
नियमित देखभाल से बनी रहेगी नई जैसी चमक
अगर समय-समय पर चांदी की सफाई की जाए और उसे सही तरीके से रखा जाए, तो वह वर्षों तक नई जैसी दिख सकती है. महंगे क्लीनर खरीदने के बजाय ये आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप अपनी चांदी को चमकदार और आकर्षक बनाए रख सकते हैं.

