कतरास में धंसान पर सांसद ढुल्लू महतो का विरोध, महिलाओं ने लगाए नारे, फिर क्या हुआ

कतरास में धंसान पर सांसद ढुल्लू महतो का विरोध, महिलाओं ने लगाए नारे, फिर क्या हुआ

धनबाद(DHANBAD): कतरास के छाताबाद  में शनिवार को धंसान  स्थल पर जब सांसद  ढुल्लू महतो  पहुंचे, तो  महिलाओं ने उनका विरोध किया.  हालांकि सांसद के समर्थक  और  सुरक्षाकर्मियों ने सभी को हटा दिया.  भीड़ से गिरिडीह सांसद के खिलाफ भी नारे लगे.  सांसद ढुल्लू महतो ने  जिला प्रशासन को और बीसीसीएल को इसके लिए दोषी ठहराया.   उन्होंने बिना नाम लिए मेयर संजीव सिंह पर निशाना साधते  हुए कहा कि कुछ नेता यहां पर प्रभावित लोगों से मिलने आ रहे है.  साथ में कोयला चोरों  को भी ला रहे हैं. 

 अनिश्चितता और आक्रोश में जी रहा कतरास
 
सांसद ने लोगों को जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिलाया. बता दें कि  अनिश्चितता और आक्रोश में जी रहा कतरास इलाका . छाताबाद की घटना ने और चिंता बढ़ा दी है. . कई साल पहले से कहा जा रहा है कि धनबाद का कतरास इलाका केवल "पिलर" पर खड़ा है.  कोयला चोर पिलर भी काट रहे हैं, इस वजह से कतरास कभी भी धंस  सकता है.  यह बात उस समय गंभीरता से नहीं ली गई, लेकिन अब वह बातें सच साबित हो रही हैं.  कतरास- बाघमारा के जर्रे जर्रे में धंसान  हो रहा है.  घर जमींदोज  हो रहे हैं.  लोगों का आशियाना खत्म हो रहा है.  छाताबाद में शुक्रवार को जिस ढंग से भू -धंसान  की घटना हुई है, वह कई सवालों को जन्म दे रही है.  क्योंकि छाता बाद  इलाके  की यह  पहली घटना नहीं है. 

एक महीना पहले तालाब में बन गया था गोफ 
 
एक महीना पहले छाताबाद चार नंबर ग्राउंड के समीप तालाब में बड़ा गोफ  बन गया था.  जिसमें तालाब का पूरा पानी ही समा गया था और कई घर जमींदोज  हो गए थे.  उस समय भी यह  घटना चौंकाई  थी.  लेकिन अब अधिकृत तौर पर भी कहा जाने लगा है कि अवैध खनन के दौरान बीसीसीएल द्वारा छोड़े गए सुरक्षा पिलरों  को काट दिया गया है.  जिससे  जमीन का सपोर्ट कमजोर हो गया है और इसलिए छाताबाद  में इतनी बड़ी घटना हुई है.  छाताबाद में हुई धंसान  की घटना में दर्जन भर घर जमींदोज  हो गए हैं.  दो मंजिला मकान टिल्ट  कर गए हैं.  इसके पहले टांडाबाड़ी  बस्ती में जोरदार धमाके के साथ 15 फीट जमीन धंस  गई थी.  21 घर जमींदोज  हो गए थे.