यात्रीगण कृपया ध्यान दें! सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत, महादेवशाल स्टेशन पर 24 ट्रेनों का होगा अस्थायी ठहराव

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत, महादेवशाल स्टेशन पर 24 ट्रेनों का होगा अस्थायी ठहराव

पश्चिम सिंहभूम (WEST SINGHBHUM): सावन माह में महादेवशाल धाम पहुंचने वाले कांवड़ियों और रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है. रेलवे प्रशासन ने महादेवशाल स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का अस्थायी ठहराव देने की घोषणा की है. यह विशेष व्यवस्था 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी, जिससे सावन के दौरान दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस अवधि में 24 ट्रेनों का महादेवशाल स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है. इससे न सिर्फ बाबा महादेव के दर्शन के लिए आने वाले कांवड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि इस मार्ग से यात्रा करने वाले आम यात्रियों को भी सुविधा होगी. हर साल सावन के दौरान महादेवशाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने कुछ मेमू पैसेंजर ट्रेनों का भी ठहराव सुनिश्चित किया है. चक्रधरपुर–राउरकेला सारंडा मेमू (68025-68026) और टाटानगर–राउरकेला मेमू (68043-68044) अब महादेवशाल स्टेशन पर भी रुकेंगी. सारंडा मेमू सुबह 6:57 बजे और शाम 5:15 बजे स्टेशन पहुंचेगी, जबकि टाटानगर–राउरकेला मेमू सुबह 6:19 बजे और शाम 5:21 बजे यात्रियों को सेवा देगी. इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा. रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय अवश्य जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े. सावन के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहती है, इसलिए समय से स्टेशन पहुंचने की भी सलाह दी गई है.

महादेवशाल स्टेशन पर ठहराव देने वाली प्रमुख ट्रेनों में बामरा–राउरकेला वीकली एक्सप्रेस (18051-18052), दानापुर–दुर्ग एक्सप्रेस (13287-13288), हावड़ा–टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस (12871-12872), पुरी–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (18477-18478), हावड़ा–जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस (18005-18006), टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189-18190), टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस (18109-18110), टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस (18113-18114) तथा एलटीटी–शालीमार एक्सप्रेस (18029-18030) जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं. इन सभी ट्रेनों का निर्धारित समय के अनुसार दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा. दक्षिण पूर्व रेलवे का यह फैसला सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. महादेवशाल धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को अब ट्रेन से उतरने और चढ़ने में पहले की तुलना में अधिक आसानी होगी. साथ ही आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. रेलवे का मानना है कि इस विशेष व्यवस्था से सावन के दौरान यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी.