झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची सहित कई जिलों में बारिश, जानिए कब होगा मॉनसून का प्रवेश?

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची सहित कई जिलों में बारिश, जानिए कब होगा मॉनसून का प्रवेश?

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):मई का महीना अब लगभग समाप्त हो चुका है.अब जून का महीना आने वाला है. वहीं झारखंड का मौसम अब करवट ले चुका है, जहां रांची, जमशेदपुर, धनबाद, दुमका आदि जिलों में बारिश हो रही है कई जगहों पर घने बादल दिखाई दे रहे है और तेज हवाएं चल रही है.इसके साथ ही झारखंड में वज्रपात का भी कहर देखा जा रहा है, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, तो वहीं कई लोग घायल है.हालांकि बारिश होने की वजह से झारखंडवासियों को गर्मी से राहत मिली है.

चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से राहत

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज जारी रह सकती है.राज्य के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, गुमला और सिमडेगा समेत कई जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई.कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बारिश के कारण लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से राहत मिली है.

बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना

आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण झारखंड में मौसम सक्रिय बना हुआ है. इसके प्रभाव से कई जिलों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश के बाद राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है.जहां कुछ दिन पहले कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था, वहीं अब मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो गया है. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से लोगों को राहत महसूस हो रही है.

झारखंड में कब होगा मॉनसून का प्रवेश?

झारखंड के लोगों की नजर अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पर टिकी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मॉनसून जून के दूसरे सप्ताह में झारखंड में दस्तक दे सकता है. आमतौर पर मॉनसून राज्य में 10 से 15 जून के बीच प्रवेश करता है.हालांकि इसकी सटीक तारीख मौसम की मौजूदा परिस्थितियों और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम पर निर्भर करेगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून की प्रगति फिलहाल सामान्य बनी हुई है.यदि इसकी रफ्तार इसी तरह जारी रही तो झारखंड में समय पर मॉनसून पहुंचने की संभावना है. मॉनसून के आगमन के साथ राज्य में व्यापक वर्षा होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को भी राहत मिलेगी और खरीफ फसलों की बुवाई का काम शुरू हो सकेगा.

किसानों के लिए राहत की खबर

बारिश और मॉनसून की संभावित समय पर दस्तक किसानों के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है.राज्य के कई हिस्सों में किसान खेती की तैयारियों में जुटे हुए है. समय पर बारिश होने से खेतों में नमी बनी रहेगी और धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में आसानी होगी. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.आने वाले दिनों में झारखंड में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज लोगों को गर्मी से और अधिक राहत दे सकता है.