टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिनभर कड़ी धूप के बाद शाम के समय चलने वाली हल्की हवाएं और बारिश लोगों को गर्मी से राहत दिला रही है.मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का रुख इसी तरह बना रह सकता है.मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रहे मौसम में बदलाव के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. तापमान में आई इस कमी से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और वे राहत की सांस ले रहे है.
पिछले 24 घंटे में वज्रपात से 5 लोगों की मौत
झारखंड में शुक्रवार को वज्रपात का कहर देखा गया जहां अलग-अलग जिलों में 5 लोगों की मौत हो गई. रांची के इटकी में 12 वर्षीय एक बच्ची, गढ़वा के कांडी में सोनमनिया देवी, मेराल में उदय सिंह, धनबाद के राजगंज में एक महिला और बोकारो के पिंड्राजोरा में अमित कुमार महतो की जान चली गई. वहीं, कई अन्य लोग घायल हुए है, जबकि गिरिडीह के बेंगाबाद में एक बच्ची बेहोश हो गई.
पढ़े आज के मौसम का हाल
वही आज यानि शनिवार के दिन राज्य के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहने के संकेत है.इन इलाकों में50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.वहीं कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.जिसको लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की है.
मानसून की गतिविधियों की वजह से मौसम बदला
IMD का कहना है कि प्री-मानसून की गतिविधियों की वजह से मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है. ऐसे में किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.वहीं आम लोगों को भी तेज हवा, बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण आने वाले दिनों में कई जिलों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.
पढ़े अपने जिले का हाल
रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.