टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड एक ऐसा खूबसूरत राज्य है जिसको झरने, पहाड़ और घने जंगलों से प्रकृति ने इसे नवाजा है. इसकी खूबसूरती को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते है. झारखंड में सैकड़ों ऐसे नदी, झरने, पहाड़ और घाटियां मिल जाएंगी, जिनकी खूबसूरती 1 मिनट के लिए आपको ठहरने पर मजबूर कर देगी.वैसे तो झारखंड की खूबसूरती देखने के लिए सालों भर पर्यटक अलग-अलग राज्यों से झारखंड पहुंचते है, लेकिन मानसून के दिनों में यहां की खूबसूरती स्वर्ग में बदल जाती है. हरे-हरे जंगल, ऊंची-ऊंची पहाड़ियां और बहते कल-कल झरने बरसात के दिनों में स्वर्ग के नजारों से कम नहीं लगते है. यदि आप भी प्रकृति से बहुत ज्यादा लगाव रखते है और घूमने-फिरने के शौकीन है तो आपको झारखंड के इन पर्यटन स्थल पर जरूर जाना चाहिए क्योंकि बरसात के दिनों में प्रकृति इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती है.

नेतरहाट
नेतरहाट झारखंड का एक ऐसा पर्यटन स्थल है जिसके बारे में शायद ही कोई नहीं जानता होगा. सर्दी के दिनों में यहां का सनसेट देखना सभी को आकर्षित करता है लेकिन बात जब मानसून की आती है तो नेतरहाट जन्नत में तब्दील हो जाता है.नेतरहाट झारखंड का "क्वीन ऑफ छोटानागपुर" के नाम से काफी ज्यादा मशहूर है और यह किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता है.बेशक इसकी खूबसूरती का बखान करते-करते लोग थक जाएंगे लेकिन इसकी खूबसूरती नहीं गिन पाएंगे. बारिश के मौसम में यहां की पहाड़ियां ऐसा लगता है मानो हरे रंग की चादर ओढ़ ली हों.वही बादलों का नजारा देखकर दिल गदगद हो जाता है.ऊंची पहाड़ियां ऐसी लगती हैं जैसे वे आसमान को छू रही हो, वहीं ठंडी हवाएं और धुंध से ढकी घाटियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है.
मैग्नोलिया प्वाइंट से सूर्यास्त देखना सभी का होता है सपना
नेतरहाट मैग्नोलिया प्वाइंट को लेकर काफी ज्यादा मशहूर है. यहां से सूर्यास्त देखना हर किसी का सपना होता है क्योंकि यहां सूर्यास्त इतना खूबसूरत दिखता है कि लोगों का मन मोह लेता है.वहीं अगर मानसून की बात हो तो वहां गजब का नजारा देखा जाता है. प्रकृति प्रेमी और शांति पसंद लोगों के लिए यह किसी जन्नत या स्वर्ग से कम नहीं है.

पतरातू घाटी
वहीं झारखंड की पतरातू घाटी की बात की जाए तो यह भी काफी खूबसूरत पर्यटन स्थल है. पतरातू घाटी खासतौर पर हरे-भरे जंगल, पहाड़ और बादलों से ढके आसमानों के लिए प्रसिद्ध है.यहां का नजारा आपको किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगेगा.वहीं बात अगर मानसून की आती है तो यहां की हरियाली देखकर लोगों का मन भी हरा हो जाता है.पतरातू घाटी खासतौर पर अपने घुमावदार और जलेबी जैसे रास्तों के लिए काफी ज्यादा मशहूर है.यहां पर लॉन्ग ड्राइव पर जाना सभी का सपना होता है. जो लोग भी एक बार पतरातू घाटी आ जाते है उसकी खूबसूरती के कायल हो जाते है.यदि आप भी मानसून में कहीं घूमने का प्लान बना रहे है तो आपको पतरातू घाटी जरूर आना चाहिए.
दशम फॉल
वहीं अगर आप झरनों को देखने के शौकीन हैं तो झारखंड में झरनों की भरमार है, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा प्रसिद्ध दशम जलप्रपात है, जहां बरसात के दिनों में यह काफी ज्यादा आकर्षक दिखाई देता है. दशम जलप्रपात से जब कांची नदी का पानी ऊंचाई से गिरता है तो हर कोई इसका दीवाना हो जाता है. बरसात के दिनों में इसकी खूबसूरती काफी ज्यादा बढ़ जाती है क्योंकि बारिश होने की वजह से झरनों के अगल-बगल हरी-भरी झाड़ियां उग आती हैं, तो वहीं ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों पर भी जंगल पनपते है जहां से यहां का नजारा काफी खूबसूरत हो जाता है लेकिन अगर आप बरसात के दिनों में आ रहे है तो आपको थोड़ा सा संयम और सावधानी बरतनी होगी और झरनों से थोड़ी दूरी बनाकर ही इसकी खूबसूरती को देखना चाहिए क्योंकि बरसात के दिनों में पहाड़ों पर फ़िसलन बढ़ जाती है.

हुंडरू फॉल
वहीं राजधानी रांची से 45 किलोमीटर की दूरी पर झारखंड का एक काफी मशहूर फॉल है, जिसको हुंडरू फॉल के नाम से लोग जानते है मानसून के दिनों में यह इतना खूबसूरत हो जाता है कि दूर-दूर से लोग इसे निहारने के लिए यहां आते है. बरसात के दिनों में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ जाने की वजह से झरना तेजी के साथ बहता है और इसकी कल-कल की आवाज दूर-दूर तक लोगों के कानों तक पहुंचती है, जो काफी ज्यादा मनमोहक है. बरसात के दिनों में यहां चारों तरफ हरे-भरे जंगल, झाड़ियां और पहाड़ देखने को मिलते है. वहीं यहां के फुहारे पर्यटकों का दिल जीत लेते है.यदि आप भी हुंडरू फॉल घूमना चाहते है तो आपको इस मानसून जरूर आना चाहिए क्योंकि यहां फोटोग्राफी के शौकीन लोगों के लिए बेहद खास माना जाता है.

