सिमडेगा: देवनदी पुल के नीचे अज्ञात महिला का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

सिमडेगा: देवनदी पुल के नीचे अज्ञात महिला का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

सिमडेगा (SIMDEGA): जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र स्थित कोंडेकेरा गांव के पास से चौकाने वाली खबर सामने आई है. गाँव के पास देवनदी पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना कोलेबिरा थाना को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है. महिला का रंग सांवला है और उसने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी. इधर, शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है.

इस घटना को लेकर कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान कराना फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से पुलिस ने महिला के शव की तस्वीर जारी की है और क्षेत्र के ग्रामीणों समेत आम लोगों से पहचान कराने में सहयोग की अपील की है. थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को महिला के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सके, तो तत्काल कोलेबिरा थाना से संपर्क कर सूचना दें. फिलहाल आसपास के थाना क्षेत्रों में भी जानकारी साझा की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि अभी महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. जांच टीम घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों को एकत्र कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है.