झारखंड के पूर्व मंत्री बिमला प्रधान के निधन पर शोक, सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने दी श्रद्धांजलि

बिमला प्रधान के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए इसे झारखंड और आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया.

Bimla Pradhan Death

रांची :  सिमडेगा की पूर्व विधायक और झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं बिमला प्रधान के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने बिमला प्रधान के निधन को झारखंड के सार्वजनिक जीवन और आदिवासी समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया.डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि बिमला प्रधान ने वनांचल की माटी से उठकर जनसेवा और राजनीति के क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बनाई. एक आदिवासी महिला के रूप में उन्होंने संघर्ष के कठिन दौर से गुजरते हुए नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा.

उन्होंने कहा कि गोंड आदिवासी समाज की अस्मिता, सिमडेगा के विकास और वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रति बिमला प्रधान की प्रतिबद्धता हमेशा मजबूत रही. सरल स्वभाव, सहज संवाद और जनता से आत्मीय जुड़ाव उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं थीं. डॉ. वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद बिमला प्रधान अपनी जड़ों और आम लोगों से हमेशा जुड़ी रहीं. उनका निधन झारखंड की राजनीति और आदिवासी समाज के लिए एक बड़ी क्षति है.

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें.