जेठ ने छोटे भाई की पत्नी से किया दुष्कर्म, फिर मारकर खाना चाहता था शरीर..... रोंगटे खड़े कर देगा मामला
सरायकेला के कुचाई स्थित जोम्बरो गांव में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप. शव के अंग काटकर भूनने की कोशिश करते आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. जिस गांव की पहचान कभी नक्सली गतिविधियों को लेकर होती थी, वहां अब एक महिला के साथ हुई बर्बरता ने पूरे इलाके को दहला दिया है. आरोप है कि 54 वर्षीय व्यक्ति ने पहले अपनी ही भाभी के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपी ने कथित तौर पर महिला के शरीर के कुछ अंग काटे और उन्हें घर के पीछे कढ़ाई में भूनकर खाने की कोशिश की. ग्रामीणों ने उसे इस हालत में देख लिया और मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
मेले से लौटते समय जेठ के घर रुकी थी महिला
यह सनसनीखेज मामला कुचाई प्रखंड के दलभंगा ओपी क्षेत्र अंतर्गत दलभंग पंचायत के जोम्बरो गांव का है. मृतका की पहचान 47 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान 54 वर्षीय पैलुश मुंडा के तौर पर की गई है. आरोपी रिश्ते में महिला का जेठ लगता है. मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव के बाहर मेला लगा था. इसके साथ ही वहां हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया था. विश्वासी सोय मेले में हंडिया बेचने गई थी. शाम को घर लौटने के दौरान वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई. बताया जाता है कि वहां पैलुश और गांव के कुछ अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी. देर रात नशे की हालत में बाकी लोग अपने-अपने घर चले गए, जबकि महिला वहीं रुक गई.
अकेला पाकर दुष्कर्म और फिर हत्या का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद अपराध उजागर होने और पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने महिला के शव को गांव के पास स्थित एक नाले में फेंक दिया. लेकिन आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी. आरोप है कि उसने महिला के शरीर के कुछ हिस्सों, जिनमें जांघ, कलेजी और निजी अंग शामिल बताए जा रहे हैं, को काट लिया. इसके बाद घर के पीछे कढ़ाई में उन्हें भूनकर खाने का प्रयास करने लगा.
मंगलवार देर रात कुछ ग्रामीणों की नजर आरोपी की इस हरकत पर पड़ी. नाले में महिला का शव मिलने और घर के पीछे का भयावह दृश्य देखने के बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तत्काल आरोपी को घेर लिया और मौके से पकड़ लिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांधकर पूरी रात अपनी निगरानी में रखा और घटना की जानकारी दलभंगा ओपी पुलिस को दी.
सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह दलभंगा ओपी पुलिस की टीम जोम्बरो गांव पहुंची. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी पैलुश मुंडा को पुलिस के सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मृतका के शव को नाले से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी. इस घटना के बाद कुचाई और दलभंगा क्षेत्र में दहशत के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है.