सरायकेला में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक की टक्कर से कामाख्या बाबा के नाम से मशहूर सूरज गोप की मौत

सरायकेला में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक की टक्कर से कामाख्या बाबा के नाम से मशहूर सूरज गोप की मौत

सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला थाना क्षेत्र के पावड़ीमेल चौक के पास शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में क्षेत्र में 'कामाख्या बाबा' के नाम से प्रसिद्ध शिवलाल नाथ उर्फ सूरज गोप की मौके पर ही मौत हो गई.मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बाबा सूरज गोप अपनी वैगनआर कार से चाईबासा से सरायकेला की ओर लौट रहे थे. उनके साथ हेंसा गांव निवासी महेंद्र सिंह जामुदा भी मौजूद थे.

मौके पर ही दर्दनाक मौत

बताया जा रहा है कि पावड़ीमेल चौक के पास महेंद्र सिंह शौच के लिए कार से उतरे थे. शौच के बाद जब वह वापस कार में बैठ गए, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अंदर बैठे सूरज गोप के सीने पर स्टेयरिंग का जोरदार चोट लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. वहीं, महेंद्र सिंह जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है.

मामले की जांच कर रही हैं पुलिस 

जानकारी के अनुसार, हेंसा गांव निवासी महेंद्र सिंह जामुदा के घर गुरुवार को पूजा-पाठ का आयोजन था. इसी पूजा को संपन्न कराने के लिए उन्होंने शिवलाल नाथ उर्फ सूरज गोप को बुलाया था. पूजा खत्म होने के बाद दोनों रात में ही बाबा की कार से चाईबासा के लिए रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह वापस लौट रहे थे.हादसे में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.