सरायकेला (SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बास्कोनगर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर गठित SIT ने लगातार खोजबीन कर बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया.इस सफल अभियान के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और राहत की सांस ली.जानकारी के अनुसार, बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थी.इनमें से एक बच्ची अगले दिन सुरक्षित घर लौट आई, जबकि तीन अन्य बच्चियां लापता हो गई.बच्चियों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस के सामने उनकी तलाश बड़ी चुनौती बन गई थी.
जानिए कैसे मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर लगातार जांच और खोजबीन अभियान चलाया.इसी दौरान पुलिस को पश्चिमी सिंहभूम के एक गांव से महत्वपूर्ण सूचना मिली.पुलिस जांच में पता चला कि तीनों बच्चियां रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई थीं, जहां ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित अपने पास रखा था. पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने बच्चियों के हुलिये के आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को तीनों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया.
ग्रामीणों के सहयोग से बच्चियां सुरक्षित बरामद
बरामद बच्चियों की पहचान शांति (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है। इस पूरे अभियान में सब-इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह की भूमिका भी सराहनीय रही.पुलिस ने बताया कि समय पर मिली सूचना और ग्रामीणों के सहयोग से बच्चियों को सुरक्षित बरामद करना संभव हो सका.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा

