कोल्हान में गांजा तस्करी पर शिकंजा, सरायकेला से तस्कर गिरफ्तार

कोल्हान में गांजा तस्करी पर शिकंजा, सरायकेला से तस्कर गिरफ्तार

सरायकेला: सरायकेला पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 1.054 किलो गांजा बरामद किया गया है. आमदा ओपी क्षेत्र से आरोपी खगेश्वर प्रधान को गांजा के साथ एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पकड़ा गया. सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वार ने शनिवार को मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार तस्कर पश्चिम सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है. इस मामले में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक केस दर्ज किया गया है. जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी ओड़िशा से गांजा लेकर आया था. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है. जानकारी हो कि कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों में गांजा की तस्करी काफी बढ़ गई है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि ओडिशा से गांजा की तस्करी यहां हो रही है. सरायकेला के अलावा चाइबासा और जमशेदपुर में भी गांजा की तस्करी खूब हो रही है.

पुलिस ने खदेड़ कर आरोपी को पकड़ा
आमदा ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि रात में बाइक पर गांजा की तस्करी की जा रही है. इसके बाद पुलिस ने रेलवे ओवर ब्रिज के पास जांच अभियान चलाया. इस दौरान एक बाइक पर रात करीब 2 बजे एक युवक आते दिखा. पुलिस को देख वह भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया. जांच के क्रम में उसके पास एक प्लास्टिक के थैले में गांजा मिला. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी की बाइक और मोबाइल भी जब्त कर ली. आरोपी खगेश्वर प्रधान आमदा ओपी क्षेत्र में किसी को गांजा डिलिवरी करने आया था. पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी कब से इस कारोबार में जुड़ा है. हालांकि अब तक उसका कोई अपराधिक इतिहास नहीं मिला है.