सरायकेला: चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे दो छात्रों को ट्रेलर ने मारी टक्कर, एक की मौत

चांडिल गोलचक्कर के पास आज यानी की मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

सरायकेला: चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे दो छात्रों को ट्रेलर ने मारी टक्कर, एक की मौत

सरायकेला (SARAIKELA): चांडिल गोलचक्कर के पास आज यानी की मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र गम्हरिया से चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज जा रहे थे. इसी दौरान गोलचक्कर के पास तेज़ रफ्तार में आ रही ट्रेलर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया.

हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत होने की सूचना है. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है. वहीं घायल छात्र की पहचान समीर दास के रूप में बताई जा रही है. दोनों छात्रों के गम्हरिया निवासी होने की बात सामने आ रही है. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

हादसे के बाद एक बार फिर चांडिल क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि चांडिल गोलचक्कर और आसपास के मार्ग की खराब स्थिति के बावजूद NHAI की ओर से सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. सड़क पर खराब सतह और यातायात व्यवस्था की समस्या के बीच इस तरह के हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं.

रिपोर्ट: रंजीत ओझा