सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला पुलिस ने अवैध स्क्रैप कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. इसके आरोप में दो चालकों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई आदित्यपुर थाना क्षेत्र मेंहुई. पुलिस में दोनों आरोपी जमशेदपुर के टेल्को निवासी बबलू कुमार और आदित्यपुर 2 निवासी संतोष सरदार को रविवार को जेल भेज दिया. आरोपियों का वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है. रविवार को आदित्यपुर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र एवं उसके आसपास अवैध रूप से बिना वैध दस्तावेज और फर्जी कागजात के सहारे स्क्रैप की ढुलाई किए जाने की सूचना मिली थी.
सूचना पर पुलिस ने मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड क्षेत्र में छापेमारी कर एक 407 वाहन (संख्या JH 05 AL 6047) तथा एक छोटा हाथी वाहन (संख्या JH 05 AU 4216) को स्क्रैप लोड करते पकड़ा. वाहनों के चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. चालकों के बयान के आधार पर दोनों वाहनों के मालिकों एवं संबंधित कंपनी के मालिक के विरुद्ध भी केस दर्ज किया गया है.
आदित्यपुर पुलिस के अनुसार अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है. इस मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई से स्क्रैप कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
रिपोर्ट: वीरेंद्र मंडल

