सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है. जिले की एसपी निधि द्विवेदी ने कई थानेदारों को इधर से उधर किया है. इस प्रशासनिक बदलाव के तहत जिले के कई थाना एवं ओपी प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. जारी आदेश के अनुसार, खरसावां थाना के प्रभारी गौरव कुमार को चौका थाना का नया प्रभारी बनाया गया है. वहीं साइबर थाना में कार्यरत वरुण यादव को ईचागढ़ थाना की कमान सौंपी गई है. सरायकेला थाना में पदस्थापित रविकांत परासर को आरआईटी ओपी प्रभारी बनाया गया है. जबकि राहुल कुमार सिंह को खरसावां थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा आदित्यपुर थाना में पदस्थापित सतीश वर्मवाल को दलभंगा ओपी प्रभारी बनाया गया है. दलभंगा ओपी प्रभारी रहे रविन्द्र मुंडा को कुचाई थाना भेजा गया है. कुचाई थाना के प्रभारी नरसिंह मुंडा को कांड़्रा थाना में पदस्थापित किया गया है. चांडिल थाना प्रभारी डिलसन बिड़वा को नीमडीह थाना का प्रभार सौंपा गया है. जबकि नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी को चांडिल थाना प्रभारी बनाया गया है. दूसरी ओर, ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को साइबर थाना सरायकेला में नई जिम्मेदारी दी गई है. चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार का तबादला गम्हरिया थाना में किया गया है. वहीं आरआईटी ओपी प्रभारी संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना में पदस्थापित किया गया है. पुलिस अधीक्षक के इस आदेश को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में बेहतर समन्वय, नई कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है.