सरायकेला: आदित्यपुर में फ्लैट से गिरकर युवती की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
सरायकेला खरसावां जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. फ्लैट से गिरने से एक युवती की संदिग्ध मौत हुई है. युवती खुद गिरी या किसी ने उसे नीचे गिराया, पुलिस इसकी जांच कर रही है.
सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला खरसावां जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. फ्लैट से गिरने से एक युवती की संदिग्ध मौत हुई है. युवती खुद गिरी या किसी ने उसे नीचे गिराया, पुलिस इसकी जांच कर रही है. घटना जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी की है. युवती की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जो सातवाहिनी की रहने वाली थी. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि युवती सोसाइटी के फ्लैट नंबर 515 से नीचे गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
खुशबू गुरुवार को अचानक साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी. सोसाइटी के गार्ड को उसने फ्लैट नंबर 515 में अपने किसी परिचित से मिलने की बात बताई. गार्ड ने उसे जाने दिया. कुछ देर बाद उसके नीचे गिरने की सूचना मिली. घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के लोग मौके पर जुट गए.
घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई. मृतका के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने पहुंची थी. पुलिस घटना को लेकर परिजनों से भी पूछताछ कर रही है.