टेंडर सिस्टम के खिलाफ बगावत! आदित्यपुर नगर निगम में संवेदकों का प्रदर्शन

टेंडर सिस्टम के खिलाफ बगावत! आदित्यपुर नगर निगम में संवेदकों का प्रदर्शन

सरायकेला (SARAIKELA): आदित्यपुर नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया को लेकर स्थानीय संवेदकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. शनिवार को नगर निगम के दर्जनों अधिकृत संवेदक निगम कार्यालय पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डिप्टी मेयर को मांग पत्र सौंपा और टेंडर व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई. संवेदकों का कहना था कि मौजूदा टेंडर प्रक्रिया छोटे और स्थानीय ठेकेदारों के लिए अनुकूल नहीं है. ऑनलाइन टेंडर प्रणाली के कारण कई स्थानीय संवेदक तकनीकी और अन्य कारणों से प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाते हैं. इसी वजह से उन्होंने 10 लाख रुपये तक की योजनाओं के लिए ऑफलाइन टेंडर व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि क्षेत्रीय स्तर के संवेदकों को भी बराबरी का अवसर मिल सके.

प्रदर्शन के दौरान संवेदकों ने नगर निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की भी मांग की. उनका कहना था कि स्थानीय संवेदक क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक जरूरतों से बेहतर तरीके से परिचित होते हैं, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है. संवेदकों ने टेंडर प्रक्रिया से जुड़ी वित्तीय व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए. आरोप लगाया कि अग्रधन राशि की वापसी के दौरान अनावश्यक कटौती और कमीशनखोरी जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं.  ऐसी व्यवस्थाओं पर रोक लगाने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे. दूसरी ओर, डिप्टी मेयर ने संवेदकों की मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने का भरोसा दिया.  वहीं, नगर निगम प्रशासन ने कमीशनखोरी के आरोपों से इनकार किया है. संवेदकों के प्रदर्शन के कारण नगर निगम कार्यालय परिसर में गहमा-गहमी बनी रही.