सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपितों और फरार अपराधियों के खिलाफ सोमवार से शुरू किया गया विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा. सुबह करीब 10 बजे आदित्यपुर पुलिस ने दलबल के साथ राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया.अभियान के दौरान पुलिस ने ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली.इसके साथ ही पार्कों, चौक-चौराहों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों और लफंगों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई.
बरामद राशि की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं
छापेमारी के दौरान पुलिस को मुस्लिम बस्ती से बड़ी सफलता मिली.यहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है.हालांकि, बरामद राशि की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है, क्योंकि नोटों की गिनती अभी जारी है. सूत्रों के अनुसार, पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध लालटू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि अभियान के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि बरामद नकदी और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से किया जाएगा.
पढ़िये एसपी ने क्या कहा है
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल

