सरायकेला में फायरिंग से दहशत: पहले फोन पर मांगी रंगदारी, फिर आधे घंटे बाद पहुंचकर चला दी गोली

सरायकेला में फायरिंग से दहशत: पहले फोन पर मांगी रंगदारी, फिर आधे घंटे बाद पहुंचकर चला दी गोली

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):  जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए. वार्ड संख्या-5 में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में जमीन कारोबारी अफसर नवाज गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. अपराधियों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं. फायरिंग में एक गोली अफसर नवाज के पैर में लगी और आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई. गोली सिर में नहीं धंसने के कारण उनकी जान बच गई. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल कारोबारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. घायल अफसर नवाज ने पुलिस को दिए बयान में बल्लू, जंबू बच्चा और सद्दाम नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

पहले फोन किया फिर आधे घंटे बाद गोली चलाई
घायल अफसर नवाज जाकिरनगर रोड नंबर-20 के निवासी हैं.  उन्होंने कपाली के वार्ड संख्या-5 में जमीन खरीद रखी है, जहां प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा था. वहां बोरिंग लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यहां पहुंचने पर पहले अपराधियों ने मुझे कॉल कर रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर काम बंद करने की धमकी मुझे दी गई. मैने रंगदारी देने से मना के दिया और अपने जमीन के पास पहुंचा. कॉल करने के आधा घंटा के बाद 3 आरोपी मौके पर पहुंचे और रंगदारी फिर से मांगी. विरोध करने पर गोली चलाई गई. किसी तरह भागकर मैंने अपनी जान बचाई.