सरायकेला हत्याकांड मामले में पुलिस की बड़ी कारवाही, आरोपी संग पूरा परिवार गिरफ्तार

आदित्यपुर की खाऊ गली में ₹150 के खाने के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद में लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की हत्या हो गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा समेत परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।. घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं.

सरायकेला हत्याकांड मामले में पुलिस की बड़ी कारवाही, आरोपी संग पूरा परिवार गिरफ्तार

सरायकेला(Saraikela ): सरायकेला के खरसावां क्षेत्र का आम सा मामला एक भयानक खूनी  विवाद में बदल गया जब आदित्यपुर के दुर्गा पूजा में आयडा खाऊ गली में महज 150 रुपये के चाउमीन और चिकन चिली के ऑर्डर पर बवाल मच गया. मिली जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले मामूली से ऑर्डर विवाद पर खूनी खेल खेल गया था, मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के  परिणाम स्वरूप अब उसी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आदित्यपुर थाना पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और कड़ाही भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक (FSL) भेज दिया गया है.

प्रत्यक्षदर्शी और शिकायतकर्ता सागर झा की लिखित शिकायत के अनुसार उस रात वह अपने दोस्तों के साथ खाऊ गली स्थित दुकान पर हाफ चाउमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे. जिसके बाद 150 रुपये का भुगतान हो चुका था, लेकिन ऑर्डर मिलने में देरी होने लगी.  इस बात को लेकर शुरू हुई नोकझोंक गाली-गलौज में बदल गई. हालांकि दुकानदार ने पैसे लौटा दिये थे, लेकिन विवाद थमा नहीं और देखते ही देखते दुकानदार का पूरा परिवार उग्र हो उठा. विवाद के दौरान सालडीह बस्ती (हरी मंदिर, डी रोड) निवासी दुकानदार परिवार ने हमला बोल दिया.  आरोप है कि बेटे ऋषभ बरुवा ने अचानक चाकू निकाल लिया और ताबड़तोड़ वार कर दिये. जिसके बाद  इस हमले में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की जान चली गई.  वहीं बीच-बचाव में आए सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से जख्मी हो गए.  घायलों का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है.

थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि सागर झा की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई और  मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा, उसके भाई मोहित बरुवा, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका बरुवा और बहन मुक्ति बरुवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू और तवा जब्त किया है.त्योहार की रात चंद रुपयों और क्षणिक गुस्से ने एक होनहार युवक की जान ले ली, वहीं दूसरे परिवार का आशियाना भी सलाखों के पीछे तबाह हो गया.

रिपोर्ट: बीरेन्द्र मण्डल