सरायकेला में अवैध महुआ शराब के ख़िलाफ बड़ी कार्रवाई, 37 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट

सरायकेला में अवैध महुआ शराब के ख़िलाफ बड़ी कार्रवाई, 37 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट

सरायकेला(Saraikela): सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा गांव में एक साथ छापेमारी की.

37 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट

छापेमारी के दौरान दोनों जगहों से करीब 37 हजार लीटर जावा महुआ बरामद किया गया. इसमें जामजोड़ा से करीब 25 हजार लीटर और सापड़ा गांव से करीब 12 हजार लीटर जावा महुआ शामिल था. टीम ने बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया.

इसके साथ ही उत्पाद विभाग ने करीब 500 लीटर तैयार अवैध महुआ शराब भी जब्त की. शराब बनाने और उसके अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे एक मिनी ट्रक और एक स्कूटी को भी टीम ने जब्त कर लिया.

तीन लोगों को किया गया गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस और उत्पाद विभाग अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी जारी रहेगी.

लगातार जारी रहेगा अभियान

उत्पाद विभाग के SI सोनू कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब बनाने या बेचने वालों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अगर उनके आसपास कहीं अवैध शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत उत्पाद विभाग को दें. विभाग का कहना है कि लोगों की मदद से इस तरह के अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सकती है.