सरायकेला (SARAIKELA):सरायकेला जिले में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हुआ. हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई. हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना आरआईटी थाना क्षेत्र के पम्मी धर्मकांटा के पास हुई. लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था. इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गय. तार के संपर्क में आते ही तेज चिंगारी निकली और कुछ ही क्षणों में कंटेनर में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह गंभीर रूप से घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला.
पुलिस ने शुरू की जांच
अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कंटेनर का बड़ा हिस्सा जल गया था. घटना के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईटेंशन तार से संपर्क को माना जा रहा है. आरआईटी पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं चालक की हालत हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा. मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी.