औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क पर ट्रक की पार्किंग पर उद्योग सचिव सख्त,सरायकेला में अधिकारियों के साथ की बैठक
सरायकेला के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क किनारे ट्रकों की अनधिकृत पार्किंग पर प्रशासन सख्त हुआ है. उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने समीक्षा बैठक में औद्योगिक इकाइयों को परिसर में व्यवस्थित पार्किंग और चालक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं राजनगर ट्रॉमा सेंटर प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई.
सरायकेला (SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में मुख्य सड़कों पर खड़े भारी वाहनों से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को परिसदन सभागार में उद्योग सचिव अरवा राजकमल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें औद्योगिक इकाइयों को ट्रकों के लिए अपने परिसर में व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए.
इस बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी, उद्योग विभाग की उप सचिव प्रीति रानी, जीएम डीआईसी रविशंकर प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए.
रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर ट्रकों की समस्या पर चर्चा
बैठक में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत औद्योगिक क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई. खास तौर पर चिलियामा स्थित रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के लंबे समय तक खड़े रहने से जुड़ी जनहित याचिका के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई.
उद्योग सचिव ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है कि वे अपने यहां आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करें. इस से मुख्य सड़कों पर ट्रकों की भीड़ कम होगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी.
पार्किंग में चालक सुविधाएं भी होंगी अनिवार्य
बैठक के बाद राजनगर स्थित रूंगटा माइंस की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया. निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित रखने के साथ-साथ ट्रक चालकों के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने पार्किंग परिसर के भीतर वाहनों की आवाजाही को भी व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए.
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर होगी निगरानी
प्रशासन ने पुलिस, परिवहन विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि मुख्य सड़कों पर अनधिकृत या अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों की नियमित निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई भी की जाए. अधिकारियों का मानना है कि विभागों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
राजनगर ट्रॉमा सेंटर प्रस्ताव की भी हुई समीक्षा
राजनगर दौरे के दौरान उद्योग सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान प्रस्तावित डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर की प्रगति पर भी चर्चा हुई. सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया.
उद्योग सचिव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और उद्योगों को मिलकर काम करना होगा. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़कों पर ट्रकों का अनावश्यक जमावड़ा रोकने के लिए उद्योगों को अपनी पार्किंग व्यवस्था मजबूत करनी होगी.
रिपोर्ट: बीरेंद्र मण्डल