सरायकेला: आदित्यपुर की मुस्लिम बस्ती में लूट की कोशिश के दौरान फायरिंग, युवक घायल
आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में देर रात लूटपाट की कोशिश के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी. गोली लगने से अब्दुल जफर घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य फरार हैं.
सरायकेला (SARAIKELA) -खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात कथित लूटपाट की कोशिश के दौरान फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई. घटना में अब्दुल जफर नामक युवक घायल हो गया. उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो कथित साथी फरार हो गए.
घर में घुसकर लूटपाट की कोशिश का आरोप
जानकारी के मुताबिक, देर रात तीन युवक मुस्लिम बस्ती निवासी कल्लू खान के घर में घुसे. आरोप है कि उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं को एक कमरे में बंद कर लूटपाट करने की कोशिश की. इसकी सूचना मिलने पर कल्लू खान के दोनों बेटे और मोहम्मद इमरान का भाई अब्दुल जफर वहां पहुंचे. उन्होंने संदिग्ध युवकों का विरोध किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई.बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख एक युवक ने हथियार से गोली चला दी. गोली अब्दुल जफर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई.
एक संदिग्ध पकड़ा गया, दो की तलाश
भीड़ बढ़ती देख तीनों युवक मौके से भागने लगे. स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया. आरोप है कि भीड़ ने उसकी पिटाई भी की. इस बीच दो अन्य युवक भागने में सफल रहे.सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पकड़े गए युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया. घायल अब्दुल जफर को टीएमएच भेजा गया.
पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना से जुड़े तथ्यों और फायरिंग के पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.