सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना हॉस्पिटल के आईसीयू में शुक्रवार को अचानक आग लग गई.इस अगलगी की घटना में अस्पताल प्रबंधन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी मरीज के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है.अस्पताल प्रबंधन के स्थानीय हेड राजीव कुमार ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी, जिससे आईसीयू को भारी क्षति पहुंची है. उन्होंने बताया कि समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था.
काफ़ी मुश्किल के बाद आग पर प पाया गया काबू
आग बुझाने के लिए अस्पताल में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण झारखंड अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई.दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.अस्पताल प्रबंधन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. अगर समय रहते मरीजों को सुरक्षित नहीं निकाला जाता तो दिल्ली और मुजफ्फरपुर के अस्पतालों में हुई अगलगी जैसी घटना की पुनरावृत्ति हो सकती थी.
मामले की जांच शुरू
वहीं, मरीजों के परिजनों ने किसी भी तरह की जनहानि नहीं होने पर राहत की सांस ली और भगवान का शुक्रिया अदा किया.घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल

