डीडी बार हत्याकांड: हिमांशु सिंह के परिजनों से मिली सीता सोरेन, कहा किसी हालत में नहीं बचेंगे आरोपी

डीडी बार हत्याकांड: हिमांशु सिंह के परिजनों से मिली सीता सोरेन, कहा किसी हालत में नहीं बचेंगे आरोपी

सरायकेला (SARAIKELA): भाजपा नेत्री एवं जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन रविवार को आदित्यपुर पहुंचीं. यहां उन्होंने डीडी बार हत्याकांड में जान गंवाने वाले हिमांशु सिंह के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.परिजनों से मुलाकात के बाद सीता सोरेन ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है.उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और लगातार बढ़ते अपराधों के कारण आम लोगों में भय का माहौल है.

पुलिस कस्टडी में निर्मम हत्या हुई-सीता

उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह एक होनहार युवा था और अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था. आरोप है कि उसकी पुलिस कस्टडी में निर्मम हत्या हुई, जो राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है. उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए.सीता सोरेन ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली.साथ ही हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की.

सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने की ज़रूरत

उन्होंने लोगों से अन्याय और अपराध के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है. गौरतलब है कि जमशेदपुर के डीडी बार में हुई घटना के बाद हिमांशु सिंह की मौत को लेकर पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश है.पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.