चांडिल जंक्शन पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई रेलकर्मी की पत्नी

चांडिल जंक्शन पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई रेलकर्मी की पत्नी

सरायकेला (SARAIKELA) : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत आने वाले चांडिल जंक्शन पर एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से एक रेलकर्मी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे रेलवे कॉलोनी और स्टेशन परिसर में शोक का माहौल है.

मृतका की पहचान पम्मी तिवारी के रूप में हुई है. वह रेलवे कर्मचारी अनंत तिवारी की पत्नी थी. जानकारी के अनुसार, पम्मी तिवारी अपने घर से रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित रेलवे कॉलोनी में अपनी सहेलियों से मिलने गई थी. वह वापस अपने घर लौट रही थीं.

ट्रैक पार करते समय चपेट में आने से हादसा

इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गई. ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय इलाके में काफी अंधेरा था. आशंका जताई जा रही है कि महिला को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लग सका. फिलहाल रेलवे प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि महिला किस ट्रेन की चपेट में आई थी. मामले की जांच जारी है.

फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था मौजूद

बताया जाता है कि चांडिल जंक्शन पर कई लोग समय बचाने के लिए फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार करते हैं. जबकि स्टेशन पर यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था मौजूद है. इसके बावजूद लोग जोखिम उठाकर पटरियां पार करते हैं.

छोटी-सी लापरवाही परिवार की जिंदगी बदल सकती है

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और जागरूकता की जरूरत को सामने ला दिया है. रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कभी भी रेलवे ट्रैक पार न करें और केवल फुट ओवरब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें. एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल सकती है.

रिपोर्ट – बिरेन्द्र मंडल