सरायकेला में अपराध पर लगेगी लगाम, नए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने विशेष अभियान का किया ऐलान

सरायकेला में अपराध पर लगेगी लगाम, नए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने विशेष अभियान का किया ऐलान

सरायकेला (SARAIKELA):सरायकेला-खरसावां के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने पदभार संभालते ही जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया है.गुरुवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर उन्होंने समीक्षा बैठक की. बैठक में एसपी ने कहा कि शहर में लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं पर अब लगाम लगेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी, पुराने और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा.

 विशेष अभियान का ऐलान

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है और पुलिसिंग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना होना चाहिए. बैठक में सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह समेत जिले के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

हिमांशू सिंह हत्याकाण्ड के बाद अलर्ट हुई जिले की पुलिस

आपको बता दें कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुए हमले में करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.इस घटना के बाद पूरे कोल्हान में व्यापक आक्रोश देखने को मिला था. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन एसएसपी और सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन एसपी को हटाते हुए प्रशासनिक फेरबदल किया था. इसके बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया.पदभार संभालने के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार समीक्षा शुरू कर दी है और अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई तथा जवाबदेही आधारित पुलिसिंग पर जोर दिया है.

रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल