सरायकेला में दिनदहाड़े फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर ने युवक को मारी गोली, इलाके में अफरा- तफरी

सरायकेला में दिनदहाड़े फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर ने युवक को मारी गोली, इलाके में अफरा- तफरी

सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल से सनसनीखेज खबर सामने आई है. कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरा तफरी फैल गई. तमोलिया केला गोदाम के समीप हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन पर काना बाबू नामक युवक को गोली मारने का आरोप है. राहत की बात यह रही कि गोली युवक के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस ने घायल काना बाबू को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है. दूसरी ओर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी. गोलीबारी की इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल घायल युवक की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार अभियान चला रही है.

यहाँ सवाल यह भी आता है कि आखिर जमशेदपुर जैसे हाई टेक सिटी में ऐसी ऐसी घटना सामने आ रही है जिससे प्रशासन पर कई सवाल खड़े करती हैं. अब तक डबल डाउन मर्डर केस सुलझा ही नहीं और एक के बाद एक ऐसे घटना सामने या रही है.  

 

रिपोर्ट: रंजीत ओझा