सरायकेला (SARAIKELA): जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनी गांव में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव एक तालाब से बरामद किया गया. दरअसल, शनिवार की सुबह-सुबह तालाब की तरफ गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही इस पर पड़ी, इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका के चेहरे और मुंह के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं.
इस घटना की जानकारी मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल का बारीकी से जांच में जुट गए और सबूत को इकट्ठा किया. इस दौरान पुलिस टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मृतका की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन अब तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
बता दें, पुलिस प्रशासन ने अभी तक कुछ कहने से मना किया है. अधिकारियों का कहना है कि वे हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं.
इधर, शांत माने जाने वाले बामनी गांव में अचानक इस तरह महिला का शव मिलने से स्थानीय लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है. हालांकि पुलिस का दावा है कि वे जल्द ही मृतका की पहचान सुनिश्चित कर मामले की गुत्थी सुलझा लेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

