सरायकेला: हेलमेट नहीं पहने बाइक सवार की खड़े हाइवा से टक्कर, 18 वर्षीय युवक की मौत

सरायकेला में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक खड़े हाइवा से टकरा गई. हादसे में 18 वर्षीय युवक कृष्णा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई.

सरायकेला: हेलमेट नहीं पहने बाइक सवार की खड़े हाइवा से टक्कर, 18 वर्षीय युवक की मौत

सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया. रोला-खैरबानी के पास सड़क किनारे खड़े कोयला डस्ट लदे हाइवा के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार 18 वर्षीय कृष्णा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक गमदेसाई गांव का रहने वाला था और वर्षा टुडू का पुत्र बताया गया है. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के माता-पिता और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे. बेटे का शव देखते ही परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे, जिससे अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया.

जानकारी के अनुसार कृष्णा टुडू आर-वन-फाइव यामाहा बाइक (JH-05EF-9350) से जा रहा था. रोला-खैरबानी के पास सड़क पर कोयला डस्ट लदा हाइवा खड़ा था. बताया जा रहा है कि हाइवा सड़क पर बने बंपर से करीब 50 फीट आगे खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे हाइवा के पिछले हिस्से से जा टकराई. हादसे में कृष्णा को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद सड़क पर भारी वाहन खड़े किए जाने और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय स्तर पर सड़क पर खड़े भारी वाहनों के लिए पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है.

हादसे के समय कृष्णा ने हेलमेट नहीं पहना था. परिजनों के अनुसार कृष्णा टाटा में मजदूरी करता था और रविवार को ही घर आया था. उसके घर में मकान की ढलाई का काम चल रहा था. दोपहर में खाना खाने के बाद वह राजनगर स्थित पीडीएस दुकान में राशन उठाव के लिए पंचिंग कराने गया था. इसके बाद वह चाईबासा की ओर क्यों निकला, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी. पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार, हेलमेट नहीं पहनना और सड़क पर खड़े भारी वाहन हादसे से जुड़े प्रमुख पहलुओं के रूप में सामने आए हैं.

रिपोर्ट- बीरेंद्र मण्डल