साहिबगंज में अचानक बदला मौसम का मिजाज,गर्मी से लोगों को मिली राहत

साहिबगंज में अचानक बदला मौसम का मिजाज,गर्मी से लोगों को मिली राहत

साहिबगंज(SAHIBGANJ): साहिबगंज में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली.  सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान थे.  कई दिनों से लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था.  दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही थीं और लोग घरों में रहने को मजबूर थे.  इसी बीच अचानक आसमान में काले बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं.  जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

मौसम बदलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे.  बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर फिर से चहल-पहल देखने को मिली.  बच्चों और युवाओं ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया, वहीं दुकानदारों और राहगीरों ने भी राहत की सांस ली.  लंबे समय से पड़ रही गर्मी के कारण खासकर बुजुर्ग, बच्चे और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे थे.

इस संबंध में समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने कहा कि अचानक बदले मौसम से लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है.  उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल रही थी.  मौसम सुहावना होने से आम लोगों को राहत मिली है और लोगों के बीच खुशी का माहौल है.

हालांकि उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.  बारिश और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतें तथा बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखें.  मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है.