साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. नगर थाना क्षेत्र के रसूलपुर दहला में एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी और सास पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में नवविवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मां भी जख्मी हुई हैं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
घायल महिला की पहचान 30 वर्षीय रुबखसाना खातून के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले उसकी शादी उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी मो. शरीफ से हुई थी. फिलहाल वह अपने मायके में रह रही थी. सोमवार रात उसका पति उससे मिलने ससुराल पहुंचा था.
परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू निकालकर पत्नी और उसकी मां मंजिदा खातून पर हमला कर दिया. दोनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बताया कि रुबखसाना के गले में गंभीर चोट लगी है. उसकी हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं मंजिदा खातून का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर

