साहिबगंज: गुम हुए 35 मोबाइल बरामद कर मालिकों तक पहुंची पुलिस, फोन हाथ में आया तो खिल उठे चेहरे

साहिबगंज पुलिस ने ‘खोज मोबाइल’ अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 35 मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया. राधानगर और राजमहल से 13-13, तालझारी से सात और तीनपहाड़ से दो मोबाइल खोजे गए. लंबे समय बाद अपना फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया.

साहिबगंज: गुम हुए 35 मोबाइल बरामद कर मालिकों तक पहुंची पुलिस, फोन हाथ में आया तो खिल उठे चेहरे

साहिबगंज(Sahibganj): मोबाइल खोने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके 35 लोगों के चेहरे पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब साहिबगंज पुलिस ने उनके गुम हुए फोन खोजकर वापस सौंप दिए. पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘खोज मोबाइल’ अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया गया है.

राधानगर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया.

चार थाना क्षेत्रों से बरामद हुए 35 मोबाइल

पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए 35 मोबाइल में सबसे ज्यादा राधानगर और राजमहल थाना क्षेत्र के हैं. दोनों थाना क्षेत्रों से 13-13 मोबाइल बरामद किए गए.

इसके अलावा तालझारी थाना क्षेत्र से सात और तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से दो गुम मोबाइल खोजे गए हैं. पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया. इसके बाद जरूरी कागजात और पहचान की जांच कर फोन उनके मालिकों को दिए गए.

मोबाइल मिला तो चेहरे पर लौटी मुस्कान

राधानगर थाना परिसर में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में मोबाइल वितरण कार्यक्रम हुआ. इस दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.

काफी समय बाद अपना फोन वापस पाकर लोग खुश नजर आए. मोबाइल मालिकों का कहना था कि उन्होंने फोन मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी. फोन में जरूरी नंबर, तस्वीरें और कई महत्वपूर्ण जानकारियां होने के कारण उसकी वापसी उनके लिए बड़ी राहत है.

आगे भी जारी रहेगा ‘खोज मोबाइल’ अभियान

एसपी अमित सिंह के मुताबिक जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है. शिकायत मिलने के बाद तकनीकी मदद से मोबाइल को ट्रेस करने की कोशिश की जाती है. बरामदगी के बाद सत्यापन कर फोन उसके वास्तविक मालिक को सौंपा जाता है.

पुलिस का कहना है कि ‘खोज मोबाइल’ अभियान आगे भी जारी रहेगा. वहीं मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने साहिबगंज पुलिस और अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों का आभार जताया.

 

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर