साहिबगंज: जमीन विवाद ने ली जान! बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी और बेटा गंभीर

साहिबगंज: जमीन विवाद ने ली जान! बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी और बेटा गंभीर

साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के जयराम डांगा गांव में वर्षों पुराने जमीन विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया. पैतृक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग रुदल यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी रेखा देवी और पुत्र जीतू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है.

मिली जानकारी के अनुसार, रुदल यादव और उनके भाई हरिकिशोर यादव के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस मामले को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका. बुधवार को विवाद उस समय और बढ़ गया जब हरिकिशोर यादव कथित रूप से विवादित जमीन पर बाउंड्री निर्माण करा रहे थे. मृतक के पुत्र रामदेव यादव ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि हरिकिशोर यादव और उनके पुत्रों रामअवतार यादव, धर्मराज यादव, धर्मवीर यादव तथा परमेश्वर यादव ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

रामदेव यादव किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकले, लेकिन विवाद शांत कराने पहुंचे उनके पिता रुदल यादव, मां रेखा देवी और भाई जीतू यादव हमलावरों के निशाने पर आ गए. तीनों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग रुदल यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल रेखा देवी और जीतू यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस खूनी संघर्ष के बाद जयराम डांगा गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.

रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर